Home > स्थानीय समाचार > जन समस्याओं की अनदेखी करने वाली सरकार के खिलाफ जन आंदोलन और तेज और व्यापक होगा- भारत की कम्युनिस्ट पार्टी

जन समस्याओं की अनदेखी करने वाली सरकार के खिलाफ जन आंदोलन और तेज और व्यापक होगा- भारत की कम्युनिस्ट पार्टी

लखनऊ । भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) उ0प्र0 राज्य सचिव मण्डल ने कोलकाता में पश्चिम बंगाल राज्य सरकार के मुख्यालय पर वाम संगठनों के नेतृत्व में जन समस्याओं को लेकर प्रदर्शन कर रही जनता के ऊपर पुलिस द्वारा किये गये बर्बर हमले की घोर निंदा करते हुए तीव्र विरोध किया है। वामपंथी किसान तथा खेत मजदूर संगठनों ने जनता की बढ़ती मुश्किलों से सम्बन्धित 18 सूत्रीय मांगो को लेकर राज्य मुख्यालय पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आयोजन किया था जिसे वाममोर्चे ने समर्थन दिया था और विरोध प्रदर्शन में भागीदारी भी की थी। ममता सरकार के अधिकारियों ने समस्याओं से सम्बन्धित मांग पत्र देने की अनुमति नहीं दी और हजारों प्रदर्शनकारियों को घेरकर उन पर बुरी तरह लाठीचार्ज किया, आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया और महिलाओं की साथ अभद्रता की गयी। बर्बरतापूर्वक किये गये इस पुलिस हमले में लगभग 900 लोग बुरी तरह घायल हुए हैं जिनमें से करीब 100 लोगों की स्थिति गंभीर है। पुलिस हमले से घायलों में कई पत्रकार भी शामिल हैं। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने इस जघन्य हमले को ममता बनर्जी सरकार के घोर जनतंत्र विरोधी चरित्र का परिचायक बताते हुए कहा है कि जन समस्याओं की अनदेखी करने वाली सरकार के खिलाफ जन आंदोलन और तेज और व्यापक होगा। वाममोर्चा सरकारी दमन के आगे नहीं झुकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *