Home > पश्चिम उ० प्र० > दलित महिला की टुकड़ों में मिली लाश,बेटी बोली- गैंगरेप के बाद की गई मां की हत्या

दलित महिला की टुकड़ों में मिली लाश,बेटी बोली- गैंगरेप के बाद की गई मां की हत्या

बांदा। जिले में एक दलित महिला की चक्की में लाश मिलने से हड़कंप मच गया। मामले में मृतक महिला की बेटी ने आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी मां के साथ गलत काम किया गया है। इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। वहीं, पुलिस ने गुरुवार की रात मामले की जांच पड़ताल करते हुए बताया कि यह एक हादसा था। महिला की चक्की में फंसकर मौत हुई है। मृतक महिला की बेटी ने आरोप लगाते हुए कहा कि मंगलवार को गांव के ही तीन युवकों ने महिला को आटा चक्की पर काम करने के लिए बुलाया था। इसके बाद जबरन महिला के साथ दरिंदगी की। फिर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को धारदार हथियार से तीन टुकड़ों में काट दिया। बेटी के आरोप के आधार पर इलाके में चर्चा तेज हो गई। वहीं, महिला की न्यूड लाश घर से 500 मीटर दूर आटा चक्की पर मिली। ऐसा कहा गया कि जब महिला की बेटी आटा चक्की पहुंची। उसने दरवाजा खटखटाया तो आरोपियों ने दरवाजा खोला, लेकिन आरोपी उसको धक्का देकर फरार हो गए। इसके बाद महिला की बेटी ने अपनी मां की खून से लथपथ लाश देखी, तो शोर मचा कर गांव वालों को बुलाया। गांव वालों ने पुलिस को बुलाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामला बांदा के गिरवां थाना के पतौरा गांव का है। दलित महिला की बेटी ने बताया कि गांव के ही राजकुमार शुक्ला ने उसकी मां को मंगलवार दोपहर 2 बजे आटा चक्की में मिट्टी की लिपाई करने के लिए बुलाया था। मां के जाने के 15 मिनट बाद ही मैं खुद चक्की पर पहुंची। वहां दरवाजा अंदर से बंद था। अंदर से चीखने की आवाजें आ रही थीं। मैंने बाहर खड़े होकर दरवाजा खोलने की मिन्नतें कीं। मगर 30 मिनट तक दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद राजकुमार शुक्ला के भाई बउवा शुक्ला ने दरवाजा खोला, उसके मुंह से शराब की बदबू आ रही थी। अंदर जाकर देखा, तो राजकुमार, उसका भाई बउवा, राम कृष्ण शुक्ला वहां मौजूद थे, तभी राजकुमार ने मुझे धक्का देकर गिरा दिया और तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद मैं आटा चक्की मशीन के पास गई। देखा तो मां का न्यूड शव खून से लथपथ था। आरोपियों ने मां के सिर को धड़ से काटकर अलग कर दिया था। उनकी हथेली भी कटी हुई थी। मृतका की जेठानी ने बताया कि दोपहर में मेरी देवरानी खाना खाने आई थी। नहाकर उसने थोड़ा खाना खाया। इसके बाद आरोपियों ने फोन करके आटा चक्की पर बुलाया गया। उन लोगों ने कहा यहां जल्दी आओ। फिर वह तुरंत चली गई। उसको चक्की पर मिट्टी लगाने के लिए बुलाया था। लेकिन उसके हाथों पर मिट्टी नहीं लगी थी। अगर वह चक्की में फंसी होती तो उसके हाथों पर मिट्टी लगी होती। उसको मारा गया है। धारदार हथियार से सिर को अलग कर दिया। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। हालांकि, आरोपी पक्ष ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है। आरोपी पक्ष का कहना है कि महिला, उसका पति उनकी चार बीघा जमीन बटाई पर लिए हैं। मंगलवार सुबह राजकुमार ने महिला को आटा चक्की में मिट्टी की लिपाई करने के लिए बुलाया था। इस दौरान महिला की आटा चक्की में फंसने से मौत हो गई। सीओ नितिन कुमार ने बताया कि पिता की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ अनुसूचित जाति अधिनियम समेत दुष्कर्म और हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है। दो डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। मामले में एसपी अंकुल अग्रवाल ने कहा कि पोस्टमॉर्टम की वीडियोग्राफी कराई गई है। पीएम रिपोर्ट के अनुसार कहीं कोई चोट के निशान नहीं है। चक्की में फंसने से महिला की मौत हुई थी। फोरेंसिक टीम ने एविडेंस कलेक्ट किए हैं। इनकी जांच-पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *