अलीगढ़। सासनीगेट थाना क्षेत्र के महेंद्र नगर इलाके में लाखों की चोरी का मामला सामने आया है। घटना के समय पूरा परिवार घर के बाहर गया था और घर पर कोई नहीं था। ऐसे में देर रात घर का ताला तोड़कर घुसे चोरों ने घर का एक-एक कोना खंगाला। पीड़ित ने बताया कि चोर लगभग 10-12 लाख रुपए के जेवर और नकदी चोरी करके ले गए। गुरुवार सुबह जब वह अपने घर पहुंचे तो उनके घर का ताला टूटा हुआ था और अंदर जाने पर सारा सामान बिखरा मिला। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। महेंद्र नगर के गली नंबर 2 निवासी चेतन कुमार वार्ष्णेय ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ इस मकान में रहते हैं। बुधवार को उनकी पत्नी अपने मायके गई हुई थी। पत्नी के मायके जाने के बाद वह रात में 9 बजे अपने घर पर आए थे। जिसके बाद वह अपने घर से कुछ सामान लेकर ताला लगाकर अपने पुराने घर पर चले गए थे। रात में वह अपने पुराने घर पर ही सोए थे और उनके नए मकान पर कोई नहीं था। सुबह जब वह अपने घर पर आए तो उनके मेन गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर उन्होंने देखा तो तिजोरी टूटी हुई थी और सारा कीमती सामान और नकदी गायब मिली। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू किए। पास के मकान में लगे सीसीटीवी मे आरोपी साफ नजर आ रहे हैं। जिसमें दो आरोपी पीड़ित के मकान का ताला तोड़कर अंदर जाते हुए दिख रहे हैं और इसके कुछ देर बाद वह घर का सारा सामान लेकर बाहर निकल रहे हैं। जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। सीओ प्रथम अभय कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्दी ही आरोपी पुलिस की हिरासत में होंगे। जिसके बाद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।