Home > मनोरंजन > गिरिजा देवी; ख्याल गायिका अब ख्यालों में

गिरिजा देवी; ख्याल गायिका अब ख्यालों में

आज होगा अंतिम संस्कार
लखनऊ। देश दुनिया में उत्तर प्रदेश का मान बढ़ाने वाली सुप्रसिद्ध ठुमरी तथा शास्त्रीय संगीत गायिका गिरिजा देवी मंगलवार रात हमारे बीच नहीं रही है। उनके निधन की खबर सुनते ही शोक की लहर फ़ैल गई है और प्रधानमंत्री मोदी, सीएम योगी ने दुःख व्यक्त करते हुए इसे अपूर्णीय क्षति बताया है। 88 वर्षीय गिरिजा देवी पिछले कुछ दिनों से बीमार थीं। मंगलवार को सुबह करीब 11.30 बजे छाती में दर्द की शिकायत पर उन्हें तुरंत बीएम बिरला हार्ट रिसर्च सेंटर ले जाया गया और सीसीयू में भर्ती किया गया। जहां इलाज के दौरान रात के करीब 8.55 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन पर संगीत जगत से जुड़े लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। लता मंगेशकर ने ट्वीट कर उन्हें याद किया है और उनके साथ अपनी एक तस्वीर भी शेयर की हैं! लता लिखती हैं कि इस ख़बर को सुनकर उन्हें बहुत दुःख हुआ है और उनके गिरिजा जी से बेहद अच्छे रिश्ते थे। एक और ट्वीट में उन्होंने उन्हें श्रद्धांजलि भी दी है।  8 मई, 1929 को जन्मीं गिरिजा देवी सेनिया और बनारस घराने की शास्त्रीय गायिका थीं। ‘ठुमरी क्वीन’ के नाम से प्रसिद्ध गिरिजा देवी को शास्त्रीय संगीत में उनके बेमिसाल योगदान के लिए पद्मश्री, पद्मभूषण एवं पद्मविभूषण तक से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा महा संगीत सम्मान अवार्ड समेत कई पुरस्कारों से भी उन्हें नवाजा जा चुका है।
पूरब-अंग गायिकी की अंतिम दीपशिखा कही जाने वाली गिरिजा देवी को दुनिया ठुमरी, टप्पा और ख्याल गायकी के लिए जानती है। संगीत और कला जगत से जुड़ी कई जानीमानी हस्तियों ने गिरिजा देवी के निधन पर शोक जताते हुए भारतीय शास्त्रीय संगीत के लिए इसे एक बड़ी क्षति बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *