Home > पूर्वी उ०प्र० > 41 साल बाद लगभग 2 करोड़ लोगों का सपना होगा पूरा

41 साल बाद लगभग 2 करोड़ लोगों का सपना होगा पूरा

रिपोर्टर संदीप
बलरामपुर। छह जनपदों के करीब दो करोड़ लोगों का सपना 41 साल बाद पूरा होगा। बहराइच से खलीलाबाद के लिए नई रेललाइन के निर्माण को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी है। 244 किलोमीटर वाले इस रेल मार्ग के लिए पांच हजार 940 करोड़ रुपये मंजूर कर दिया गया है। शीघ्र ही रेल मार्ग के लिए भूमि अधिग्रहण का काम शुरु कर दिया जाएगा। श्रावस्ती सांसद दद्दन मिश्रा ने बुधवार को भाजपा कार्यालय में प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि 1977 में पहली बार नानाजी देशमुख के प्रयास से इस रेल मार्ग का सर्वे कराया गया था। इन 41 सालों में इस रेल मार्ग के निर्माण के लिए कई बार आंदोलन भी किया गया लेकिन पिछली सरकारों ने कोई ध्यान नहीं दिया। 2014 में भाजपा की सरकार बनने के बाद तत्कालीन रेल मंत्री सुरेश प्रभू ने इस रेल मार्ग के निर्माण की प्रक्रिया शुरु कराई। इसी प्रक्रिया के तहत केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 244 किलोमीटर लंबी बहराइच-खलीलाबाद रेल मार्ग के लिए 5 हजार 940 करोड़ रुपये बजट की मंजूरी प्रदान की है। इस तरह 41 सालों बाद बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती तथा संतकबीर नगर जनपद के करीब दो करोड़ लोगों का सपना साकार होता दिखने लगा है। भारत सरकार ने इस रेल मार्ग के माध्यम से बौद्ध तीर्थ स्थल श्रावस्ती, शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर तथा संत कबीरधाम को जोड़ने का भी काम ‌किया है। सांसद ने यह भी बताया कि झारखंडी रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज के लिए भूमि पूजन का कार्य भी शीघ्र ही किया जाएगा। इसके साथ-साथ अटल जी के जन्मदिन पर केजीएमयू सेटेलाइट सेंटर का भी भूमि पूजन किया जाएगा। प्रेसवार्ता के दौरान सदर विधायक पल्टूराम, जिला म‌ीडिया प्रभारी डीपी सिंह, नगर अध्यक्ष बृजेंद्र तिवारी, अजय कृष्ण पांडेय, संजय शर्मा, वरुण सिंह मोनू व पकंज मिश्रा देहात मंडल अध्यक्ष अरविंद देहात मंडल अध्यक्ष अरविंद तिवारी गौरव मंडल अध्यक्ष शिव प्रताप सिंह चावल खाता  मंडल अध्यक्ष  राकेश गुप्ता  श्रीदत्तगंज  मंडल अध्यक्ष रणविजय सिंह सहित तमाम भाजपाई मौजूद रहे।    

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *