Home > राष्ट्रीय समाचार > हरदोई : गोपामऊ विधायक श्याम प्रकाश को भाजपा प्रदेश नेतृत्व का नोटिस

हरदोई : गोपामऊ विधायक श्याम प्रकाश को भाजपा प्रदेश नेतृत्व का नोटिस

हारदोई। प्रदेश महामंत्री/मुख्यालय प्रभारी विद्यासागर सोनकर ने सप्ताह भर में मांगा स्पष्टीकरण,,,,,गोपामऊ से भाजपा विधायक श्याम प्रकाश को भारतीय जनता पार्टी प्रदेश नेतृत्व ने नोटिस कर कहा है कि भारतीय जनता पार्टी के आचरण के विरुद्ध सार्वजनिक रूप से वक्तव्य देने की शिकायत मिली है, जो समाचार पत्र में प्रकाशित हुआ है। इसे पार्टी ने गंभीरता से लिया है। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के निर्देशानुसार आपको निर्देशित किया जाता है कि एक सप्ताह के अंदर स्पष्टीकरण प्रदेश कार्यालय को भेजने का कष्ट करें। नोटिस प्रदेश महामंत्री/ मुख्यालय प्रभारी विद्यासागर सोनकर के हस्ताक्षर से जारी है। नोटिस की प्रतिलिपि क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय संगठन मंत्री (अवध क्षेत्र) और जिला अध्यक्ष भाजपा हरदोई को प्रेषित की गई है। बता दें, श्याम प्रकाश प्रदेश के पहले विधायक थे, जिन्होंने कोरोना महामारी से निपटने को विकास निधि से ₹25 लाख की राशि दी थी। सम्बन्धित विभाग ने राशि से 60 फीसदी की पहली किस्त स्वास्थ्य विभाग को जारी कर दी थी। कुछ समय बाद विधायक ने सीडीओ से अपनी विकास निधि से अवमुक्त राशि से हुई चिकित्सा सामग्री की खरीद व वितरण का ब्यौरा मांगा था, जो उन्हें मुहैया नहीं कराया गया। इससे खफा विधायक ने सीडीओ को चिट्ठी लिख निधि वापस मांग ली थी। इसके बाद प्रशासन में बवण्डर खड़ा हो गया था।मुख्यमंत्री ने खुद प्रकरण का संज्ञान लिया था और उनके सचिव के साथ मंडलायुक्त ने विधायक से वार्ता की थी। रक्षात्मक मुद्रा में आए जिला प्रशासन ने भी तत्काल एक्शन लिया था। सामग्री खरीद का ब्यौरा मुहैया नहीं कराए जाने को खेदजनक बताते हुए डीएम ने सीडीओ व सीएमओ को चेतावनी देते हुए स्पष्टीकरण तलब किया था। साथ ही, सामग्री क्रय का समयबद्ध ब्यौरा सभी विधायकों को देने का निर्देश दिया था। एक अन्य मद से बैंडेज खरीद में अनियमितता पर सीएमओ पर विभागीय कार्यवाही व सीएमओ के निलम्बन की संस्तुति शासन से की थी। इस सबके बाद विधायक को पार्टी नेतृत्व से नोटिस मिलने से यहां भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक हतप्रभ हैं। यह सभी पार्टी के कदम की आलोचना कर रहे हैं। नोटिस को लेकर विधायक के पक्ष में सहानुभूति साफ देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *