Home > राष्ट्रीय समाचार > गठबंधन की कवायद करने वाले लोग अपना दुर्ग तक नहीं बचा पाए: योगी आदित्यनाथ

गठबंधन की कवायद करने वाले लोग अपना दुर्ग तक नहीं बचा पाए: योगी आदित्यनाथ

भाजपा के लिए कुछ भी नामुमकिन नहीं है, इसलिए हमने कहा था कि मोदी है तो मुमकिन है
लखनऊ। लोकसभा चुनाव 2019 में ऐतिहासिक बहुमत मिलने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में एनडीए ने देश के अंदर जो प्रचंड बहुमत हासिल किया है, उसके लिए हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जी का अभिनंदन करते हैं। सपा, बसपा और रालोद के गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि स्वार्थ के गठबंधन की कवायद करने वाले लोग अपना दुर्ग तक नहीं बचा पाए। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए कुछ भी नामुमकिन नहीं है, इसलिए हमने कहा था कि मोदी है तो मुमकिन है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में महंगाई, कानून व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, टूटी सड़कें और किसानों की समस्या मुद्दा नहीं बन पाई, क्योंकि विगत पांच वर्षों में मोदी जी की सरकार इन समस्याओं का समाधान करने में सफल रही है। योगी ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान नकारात्मक राजनीति करने वाला विपक्ष व्यक्तिगत टीका-टिप्पणी पर उतर आया था। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पहली बार प्रदेश के अंदर योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के समाज के प्रत्येक तबके तक पहुंचा गया है। आयुष्मान भारत योजना के तहत 6 करोड़ 50 लाख लोगों को गोल्डन कार्ड जारी किया जा चुका है, तो इस योजना से वंचित रह गए 56 लाख लोगों को मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत कवरेज दिया गया है। 2 करोड़ 60 लाख से अधिक परिवारों को शौचालय देने के साथ ही एक करोड़ से अधिक परिवारों को नये विद्युत कनेक्शन देने में हमारी सरकार सफल रही है। इसके साथ ही ऐसी विभिन्न योजनाओं के जरिए प्रदेश की जनता को जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि इस बार के चुनाव में प्रदेश की जनता ने परिवारवाद और जातिवाद की राजनीति को एक सिरे से खारिज करते हुए विकास और राष्ट्रवाद की राजनीति को स्वीकार्य किया है। उन्होंने कहा कि हम आदरणीय मोदी जी के मंत्र विकास, सुशासन और राष्ट्रवाद के मुद्दे को साथ लेकर चुनावी मैदान में उतरे थे। जिसके बल पर 51 प्रतिशत वोटों के साथ भाजपा गठबंधन उत्तर प्रदेश में 64 सीटें जीतने में सफल रहा। इससे पहले भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय ने कहा कि हमने 51 प्रतिशत प्राप्त किया तो यही हमारे लिए जीत का बहुत बड़ा आधार रहा है। हमारे लाखों लाख कार्यकर्ताओं ने जमीनी स्तर पर काम किया। इसके साथ ही हम प्रदेश के 13 करोड़ वोटर्स के पास 146 प्रोग्रामों के द्वारा संपर्क में रहे। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई एजेंडा नहीं था वह सिर्फ जातियों के समीकरण पर काम करते रहे, उसे जनता ने देखा और बड़े स्तर पर जवाब दिया। इस बार का रिजल्ट यह साफ करता है कि विपक्ष नकारात्मक प्रचार करता रहा है, जिसको जनता ने नकार दिया। डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने फिर साबित कर दिया कि सत्ता का रास्ता यूपी से ही गुजरता है। केंद्र की योजनाओं के क्रियान्वयन में एक सक्रिय भूमिका उत्तर प्रदेश ने निभाई है, जिसका परिणाम हमें जीत के रूप में मिला है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्रनाथ पाण्डेय, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डा. दिनेश शर्मा और भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *