Home > स्थानीय समाचार > स्कूल या संघ मुख्यालय जाना है तो पार करिए कूड़े का ढेर

स्कूल या संघ मुख्यालय जाना है तो पार करिए कूड़े का ढेर

राजेन्द्र नगर वार्ड में नगर निगम की बड़ी लापरवाही
लखनऊ। राजधानी के राजेन्द्र नगर वार्ड स्थित बहुचर्चित नवयुवक कालेजों के मोड़ पर लगने वाला कूड़े का अम्बार अब इतने हाथ पांव पसार चुका है कि वहां से निकलने की जगह भी संकरी सी हो गई है। नाका हिंडोला से रकाबगंज की तरफ चलने पर पड़ने वाले नवयुग स्कूल मोड़ का ध्यान नगर निगम को तब आता है जब वहां कम से कम मुख्यमंत्री या राज्यपाल स्तर की कोई विभूति पधारे। हालांकि संघ का मुख्यालय इसी स्थान पर होने के चलते सत्ताधारी दल भाजपा के प्रमुख नेता यहां आते जाते रहते हैं पर न उनको ये कचरे का ढेर नज़र आता है और ना ही नगर निगम को। हां तीन एक महीने पहले मुख्यमंत्री योगी के आगमन पर ये मोड़ जरूर साफ़ नज़र आया था। बतातें चलें कि रकाबगंज रोड पर नवयुग मोड़ से मुड़ते ही नवयुग रेडीयंस, नवयुग इंटर कालेज, नवयुग कन्या महाविद्यालय, सिटी मॉन्टेसरी स्कूल के साथ अन्य कई छोटे स्कूल और साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का मुख्यालय भी स्थित है।
वीडियो या चित्र में देखा जा सकता है कि निगम कर्मचारियों द्वारा लगातार नवयुग मोड़ पर कचरा डम्प किया जा रहा है। पूछने पर सफाई कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें यहीं कूड़ा डालने के लिए कहा गया है और समय-समय पर निगम द्वारा इस कचरे को उठाया भी जाता है। पर कूड़े- कचरे के इस विशाल ढ़ेर को देख कर सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि कितना कूड़ा यहां डाला जाता है और कितनी बार कूड़ा उठाया जाता है। नगर निगम की कूड़ा निस्तारण सूची के अनुसार रानीगंज से कूड़ा उठाने का सम्भावित समय सुबह 9:55 का है पर जब नगर निगम को कूड़ा डालने की जगह तय करने में इतनी सम्वेदनशील है तो उसके कर्मचारी कूड़ा निस्तारण करने में कितने समय के पाबंद है, ये सच पूरा शहर जानता है। आदेश के बाद भी सफाई कर्मचारी कूड़ा हथठेलों में लाद कर सड़क पर ही बिखेर देते हैं। सड़क पर पड़े कूड़े को खाने के लिए आवारा जानवर की भीड़ लग जाती है। शहर की साफ-सफाई के लिए जिम्मेदार नगर निगम के अधिकारियों का ध्यान कभी इस ओर नहीं केन्द्रित होता कि इतना बड़ा कचराखाना न केवल वहां से गुजरते बच्चों को संक्रामक रोग दे रहा है वरन कूड़े खाने जमा हुए आवारा जानवरों से कभी भी दुर्घटना हो सकती है।
नगर निगम का पक्ष जानने के लिए सबसे पहले राजेन्द्र नगर के सफाई निरीक्षक आशीष कुमार पाण्डेय से बात हुई। उन्होंने कहा कि तीन दिनों से कूड़ेघर का शटर टूटा हुआ है जिसकी सूचना आला अधिकारियों को दे गई है, शायद एक दो दिनों में शटर ठीक हो जाएगा तब कूड़ा अंदर ही डाला जाएगा। पहले भी कर्मचारियों को सजा देने की बात करते हुए पाण्डेय ने कहा कि हम लोग नजर रखते पर कर्मचारी कभी कभी कूड़ा सड़क पर डाल देते हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही शटर ठीक करवाया जाएगा और एक कर्मचारी की ड्यूटी नियमित रूप से लगाई जाएगी। संजय ममगई ने फोन पर स्वीकार किया कि राजेंद्र नगर में नवयुग मोड़ पर कूड़े की हालत गंभीर है और जल्द ही टूटे हुए शटर को ठीक करवाया जाएगा और इस संदर्भ में आज ही मैमो जारी किया जाएगा। “निगम की सबसे बड़ी कमी समय से कूड़ा न उठना” को मानते हुए ममगई ने कहा कि सफाई निरीक्षक आशीष पाण्डेय खुद तीन दिनों से आए नहीं है और इल्जाम आला अधिकारियों पर लगा रहे हैं, वे चाहते तो अपने स्तर से शटर ठीक करवा सकते थे। तो देखा आपने ! किस प्रकार लखनऊ नगर निगम अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *