Home > स्थानीय समाचार > जल्द जारी होगा सपा के नये पदाधिकारियों की लिस्ट युवाओं को बड़ी जिम्मेदारी, हर जिले में पहुंचेंगे खुद अखिलेश यादव

जल्द जारी होगा सपा के नये पदाधिकारियों की लिस्ट युवाओं को बड़ी जिम्मेदारी, हर जिले में पहुंचेंगे खुद अखिलेश यादव

लखनऊ | उत्तर प्रदेश की 11 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भले ही भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की हो, लेकिन समाजवादी पार्टी के लिए भी इन नतीजों को किसी संजीवनी से कम नहीं माना जा रहा है। क्योंकि यूपी की 11 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में से 3 सीटों पर समाजावादी पार्टी ने जीत दर्ज की। जबकि 5 सीटों पर सपा के प्रत्याशी दूसरे नंबर पर रहे थे। उपचुनाव के नतीजों से समाजवादी पार्टी का उत्साह चरम पर है। अखिलेश यादव भी मानते हैं कि 2022 के विधानसभा चुनाव में अब उत्तर प्रदेश में बीजेपी को केवल समाजवादी पार्टी ही रोक सकती है। इसी को देखते हुए सपा अब बड़ी रणनीति तैयार कर रही है। इसी रणनीति के तहत अब अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के सभी जिलों का दौरा शुरु करेंगे। पार्टी अखिलेश यादव के जिलों के दौरों का कार्यक्रम तैयार कर रही है। दरअसल पार्टी के बड़े नेताओं का भी यही मानना है कि इस समय यूपी में बीजेपी का मुकाबला सिर्फ समाजवादी पार्टी ही कर सकती है। इसलिये संगठन को मजबूत करना सबसे जरूरी है। सपा सूत्रों के मुताबिक सपा हर जिले से लेकर ब्लॉक लेवल तक के पदाधिकारियों की घोषणा करने वाली है। अखिलेश यादव ने जिन संगठनों को भंग किया था, उन्हें दोबारा तैयार किया जा रहा है। खुद अखिलेश यादव जिलों का दौरा कर छोटे-छोटे कार्यक्रम कर जनता से सीधा संवाद करेंगे। प्रदेश में कानून-व्यवस्था, बेरोजगारी और गरीबी जैसे मुद्दों पर जनता से समर्थन की मांग भी करेंगे।
पार्टी में इस बार युवा और मेहनती कार्यकर्ताओं को मौका दिया जायेगा। पार्टी आलाकमान का मानना है कि इस विपरीत परिस्थिति में भी जो कार्यकर्ता मजबूती और ईमानदारी से पार्टी के साथ खड़ा है, उसे मौका मिलना चाहिए। इतना ही नहीं पार्टी युवा संगठनों के लिए साइकिल यात्रा का कार्यक्रम भी बना रही है। सपा कार्यकर्ता साइकिल यात्रा के जरिये हर गांव और हर घर तक पहुंचेगे। पार्टी मानती है कि जनता के मुद्दों के साथ जुड़ने का फायदा उपचुनाव में मिला है। लिहाजा अब जनता के साथ जमीन पर उनके मुद्दों की लड़ाई लड़ने की तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *