Home > स्थानीय समाचार > देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस दिशाहीन और नेतृत्व विहीन : योगी आदित्यनाथ

देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस दिशाहीन और नेतृत्व विहीन : योगी आदित्यनाथ

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस को दिशाहीन और नेतृत्व विहीन बताते हुए बुधवार को आरोप लगाया कि इस पार्टी के नेताओं ने भारत की सभ्यता और संस्कृति को बदनाम करने के कुत्सित प्रयास किए हैं। मुख्यमंत्री ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कांग्रेस पर जमकर प्रहार किए। उन्होंने कहा, जो देश का सबसे पुराना राजनीतिक दल है। दुर्भाग्य से आजादी के बाद वह दिशाहीन हो गया है और आज तो वह नेतृत्व विहीन भी हो गया है। इस दिशाहीनता का ही दुष्परिणाम है कि कांग्रेस के तमाम नेताओं ने लगातार भारत की सभ्यता और संस्कृति को कोसने, अपमानित करने और सनातन धर्म को हर प्रकार से बदनाम करने के कुत्सित प्रयास किए। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम की तरफ इशारा करते हुए कहा, कांग्रेस की अगुवाई वाली यूपीए सरकार के समय यही दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति देखने को मिली थी, जब कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता और उस समय के केंद्रीय गृह मंत्री ने भगवा आतंकवाद के नाम पर भारत की सनातन संस्कृति को अपमानित करने का प्रयास किया था।ष् मुख्यमंत्री ने देश में आतंकवाद और नक्सलवाद की समस्या के लिए कांग्रेस की नीतियों को दोषी ठहराते हुए कहा, हर व्यक्ति जानता है कि कांग्रेस की नीतियां देश के अंदर आतंकवाद और नक्सलवाद का कारण बनीं। उन्होंने कहा कि आज मोदी जी (प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी) के नेतृत्व में आतंकवाद और नक्सलवाद की समस्या का समाधान हुआ है।
उन्होंने कहा,‘‘ पिछले 10 वर्षों में देश में सुरक्षा का एक बेहतर माहौल बना है। आतंकवाद की जड़ जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 को पूरी तरह समाप्त करते हुए जम्मू कश्मीर को विकास की मुख्य धारा के साथ जोड़ा गया। आदित्यनाथ ने दावा किया कि मोदी सरकार ने पूर्वोत्तर के राज्यों में व्याप्त उग्रवाद को नियंत्रित कर उन्हें राष्ट्र की मुख्य धारा से जोड़ने में सफलता प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद जो यूपीए सरकार के समय 120 जिलों में फैला हुआ था, उसको नियंत्रित किया गया है जिससे अब नक्सलवाद देश के एक आध राज्य में दो-तीन दिन जिलों तक सीमित होकर रह गया है। उन्होंने दावा किया कि बहुत जल्द वहां से भी नक्सलवाद का अंत होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *