Home > स्थानीय समाचार > बिना मास्क पहने घूमते मिले तो कटेगा चालान—जीडी शुक्ला

बिना मास्क पहने घूमते मिले तो कटेगा चालान—जीडी शुक्ला

चालान के बाद निःशुल्क मास्क देगी मोहनलालगंज पुलिस,योगेंद्र सिह ने दो हजार मास्क पुलिस को सौपे

मोहनलालगंज,लखनऊ । कोरोना वायरस के संक्रमण ने अब अपना विकराल रूप दिखाना शुरू कर दिया है। जिसे लेकर स्वास्थ्य विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। जिसके तहत सभी लोगों को सार्वजनिक स्थान पर मास्क लगाना अनिवार्य है। मास्क नहीं लगाने और सार्वजनिक स्थान पर थूकने वालों के चालान काटे जाएंगे। पुलिस कमिश्नर सुजीत पाण्डेय के निर्देश पर पुलिस बिना मास्क घर से निकलने वालों और सड़कों पर घूमने वालों के धड़ाधड़ चालान काट रही है। इसी कड़ी में मोहनलालगंज पुलिस भी अब एक अनोखी पहल करने जा रही है। पुलिस अब बिना मास्क पहने घूमने वालो का चालान करने के बाद उन्हें मुफ्त में मास्क भी देगी। ये अनोखा अभियान शनिवार से शुरू किया जाएगा। अभियान की शुरुआत से पूर्व प्रभारी निरीक्षक जी.डी. शुक्ला ने शुक्रवार को बिना मास्क के निकलने वालो को हिदायत देते हुए कस्बे में राहगीरो और वाहन चालकों को हाइवे पर करीब एक हजार मास्क वितरित किये। मोहनलालगंज शुक्रवार को कस्बे में प्रभारी निरीक्षक जीडी शुक्ला, एसआई बलवीर सिंह, एस आई राजेन्द्र यादव ने पुलिस बल के साथ दोपहर से शाम तक हाइवे पर निकलने वाले राहगीरों, बाइक सवारों बाइक में पीछे बैठने वाली सवारियों समेत ठेलिया दुकानदारों को भी मास्क वितरित करने के साथ ये भी हिदायत दी कि यदि शनिवार से बिना मास्क के मिले तो चालान तो किया ही जायेगा साथ ही मौके पर जुर्माना भी वसूला जाएगा।
आपकी सुरक्षा के लिए है मास्क-संजीव सिन्हा
सहायक पुलिस आयुक्त संजीव सिन्हा ने बताया कि मास्क लगाने को लेकर सरकारी आदेश है। बिना मास्क के घूमते मिले तो चालान जरूर कटेगा। अगर आप स्वस्थ रहना चाहते हैं तो मास्क लगाकर ही घर से निकलें। मास्क न लगाना कोई शान की बात नहीं हैं। ऐसी लापरवाही आपको कोरोना संक्रमण का शिकार बना सकती है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ पुलिस भी आम जनता से मास्क लगाने का अनुरोध कर रही है। हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी जरूरी है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें और अगर जा रहे हैं तो मास्क लगाकर जाएं।
पुलिस को सौंपे दो हजार मास्क ——- 
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा के प्रदेश संगठन मंत्री योगेंद्र सिह ने मोहनलालगंज इंस्पेक्टर जीडी शुक्ला को दो हजार मास्क सौंपे इस मौके पर रजनीश सिह, रुद्र प्रताप सिंह मौजूद रहे।
नवीन वर्मा, मोहनलालगंज।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *