Home > पूर्वी उ०प्र० > अम्बेडकर नगर > मन्त्रोचार के साथ 131 जोड़े एक दूसरे के हुए

मन्त्रोचार के साथ 131 जोड़े एक दूसरे के हुए

नवनीत मिश्रा
संत कबीर नगर। एक ओर मंत्रों की गूंज के साथ शगुन से कन्याओं के हाथ पीले हो रहे थे, तो दूसरी ओर कुरान की आयतों के साथ बेटियां निकाह कबूल कर रहीं थीं। यह दृश्य मंगलवार को संत कबीर नगर जनपद के मुख्यालय पर स्थित एक मैरेज हॉल में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित विवाह मण्डप में दिखा। इस अवसर पर उपस्थित उत्तर प्रदेश सरकार के ग्राम विकास,चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ महेंद्र सिंह ने नव दंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनकी सुखद विवाहित जीवन की मंगलकामना देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की सफलता को देखते हुए लाभार्थी की वार्षिक आय सीमा को 46 हजार से बढ़ाकर 2 लाख कर दिया है।उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को मिले इसके लिए हम कृत संकल्पित हैं। जिसके लिए अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं। नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री और धनघटा के विधायक श्रीराम चौहान ने कहा की निर्बल वर्ग के लोगों के लिए यह एक लाभकारी योजना है वर्तमान में सरकार इस योजना का लाभ जनता को सीधे प्राप्त हो रहा है इसमें बिचौलियों कोई स्थान नहीं है।
समारोह को खलीलाबाद के विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सामाजिक समरसता का संचार करते हुए समाज में ऊंच-नीच की भेदभाव मिटाने वाला है। समारोह का संचालन करते हुए मुख्य विकास अधिकारी श्री हाकिम सिंह ने बताया कि सभी जोड़ों को घरेलू उपयोग के सामान आभूषण तथा आम्रपाली प्रजाति के आम का एक पौधा दिया गया है तथा अन्य सुविधाओं के लिए संबंधित खंड विकास अधिकारी को निर्देशित कर दिया गया है।इस अवसर पर आशीर्वाद देने हेतु मण्डलायुक्त बस्ती श्री अनिल सागर, प्रभारी जिलाधिकारी श्री रणविजय सिंह,भारतीय जनता पार्टी के पूर्व अध्यक्ष श्याम करण सिंह,क्षेत्रीय अध्यक्ष त्र्यंबक नाथ त्रिपाठी, नगर पंचायत मगहर की अध्यक्षा संगीता वर्मा, डॉ संजय सिंह सहित अनेक लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम में कुल 131 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। जिसमें 18 मुस्लिम जोड़ों ने निकाह पढ़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *