Home > पश्चिम उ० प्र० > रेत पर उकेरी अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आकृति, दी श्रद्धांजलि

रेत पर उकेरी अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आकृति, दी श्रद्धांजलि

बलिया, (वेबवार्ता)। युवा अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का अचानक दुनिया को छोड़कर चले जाने से जिले के सैंड आर्टिस्ट रूपेश सिंह खासे मर्माहत हैं। उन्होंने रेत पर दिवंगत अभिनेता की खूबसूरत आकृति उकेर कर श्रद्धांजलि दी है। बांसडीह क्षेत्र के खरौनी निवासी रूपेश सैंड आर्ट के छात्र हैं। समय-समय पर रेत पर कलाकृतियों को बनाते रहते हैं। उनकी बनायी आकृतियां पिछले कुछ दिनों से खासी चर्चा बटोर रही हैं। इस बीच मुंबई में युवा अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के पंखे से लटक कर जान देने की खबर आयी। अपने चहेते हीरो के मौत की खबर ने रूपेश को भी झकझोर दिया। उन्होंने अपने गांव में बालू पर सुशांत सिंह राजपूत की खूबसूरत आकृति उकेर दी है। जिसे देख कर युवाओं के आंखों से आंसू छलक पड़ रहे हैं। स्वयं रूपेश ने भी रुंधे गले से कहा कि मैंने अपने प्रिय अभिनेता को रेत पर उनकी आकृति बनाकर श्रद्धांजलि देने का प्रयास किया है। मैं उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं। रूपेश ने कहा कि सुशांत देश के उभरते हुए हीरो थे। कहा कि जिनसे हम सीखते हैं। ऐसे नायक जो देश और दुनिया को अच्छा संदेश देते हैं, वही लोग खुदकुशी करने लगेंगे तो बाकी दुनिया का क्या होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के इस प्रकार का कदम देश के लिए, खासकर युवाओं के लिए अच्छा नहीं होगा। कहा, मैं बहुत दुखी हूं। रूपेश के द्वारा सुशांत सिंह राजपूत को अनोखे अंदाज में रेत पर आकृति बनाकर श्रद्धांजलि देने की सबलोग सराहना कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *