Home > पश्चिम उ० प्र० > आगरा > यमुना में गणपति-विसर्जन करने पहुंचे लोगों को पुलिस ने लौटाया,

यमुना में गणपति-विसर्जन करने पहुंचे लोगों को पुलिस ने लौटाया,

नगर निगम के बनाए कुंड में करना होगा विसर्जन, ढोल नगाड़ों के साथ निकले लोग
आगरा। नगर निगम ने गणपति विसर्जन के लिए आगरा के प्रमुख तीन घाटों पर कुंड बनाया और निर्देश जारी किया है कि गणपति का विसर्जन यमुना नदी में नहीं किया जाएगा। इसके बावजूद यमुना किनारों पर लोग गणपति का विसर्जन करने के लिए पहुंच रहे हैं। पुलिस प्रशासन की तरफ से यमुना किनारे पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। जो लोगों को वहां जाने से रोक रहे हैं। ऐसे में तमाम लोग अपने गणपति लेकर लौट रहे हैं। गुरुवार सुबह से ही आगरा में घर-घर स्थापित किए गए गणपति का विसर्जन करने के लिए भक्त ष्गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आष् के नारों की गूंज और ढोल नगाड़ों के साथ रंग गुलाल उड़ाते हुए और झूमते हुए सड़कों पर दिखाई दे रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा यमुना किनारा मार्ग को सभी तरह के वाहनों के लिए दो दिन के लिए प्रतिबंधित किया है। जिससे कि गणपति विसर्जन करने वालों को परेशानी का सामना न करना पड़े, लेकिन तमाम लोग ऐसे हैं जो नगर निगम द्वारा तय किए गए स्थान के अलावा गणपति का विसर्जन करने के लिए यमुना के अन्य किनारों पर पहुंच रहे हैं। थाना एत्मादुद्दौला क्षेत्र के जोहरा बाग घाट, कबीर घाट, शोभा नगर व रामबाग जवाहर पुल के नीचे कई लोग अपने गणपति का विसर्जन यमुना नदी में करने के लिए पहुंचे। लेकिन पुलिस प्रशासन द्वारा पहले से तैनात किए गए पुलिसकर्मियों ने लोगों को यमुना नदी की तरफ जाने से रोक दिया। उन्हें बताया कि नगर निगम द्वारा हाथी घाट पर बनाए गए कुंड में ही गणपति का विसर्जन होगा। कई जगह विसर्जन करने आए भक्त पुलिस से बहस करते हुए भी दिखाई दिए। हालांकि पुलिस ने किसी को भी यमुना नदी की तरफ जाने नहीं दिया। यमुना नदी को गंदगी से बचाने व गणपति विसर्जन पर भक्तों के साथ होने वाली अप्रिय घटना को रोकने के लिए नगर निगम द्वारा हाथी घाट, बल्केश्वर घाट और दशहरा घाट पर दो-दो कुंड बनाए गए हैं। इन्हीं कुंडों में गणपति का विसर्जन होना है। गुरुवार और शुक्रवार को गणपति का विसर्जन होना है। ऐसे में बड़ी संख्या में आज से ही भक्तजन सड़कों पर अपने गणपति के साथ दिखाई देने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *