Home > राष्ट्रीय समाचार > सीएम योगी ने किया प्राकृतिक कृषि शिविर का उद्घाटन

सीएम योगी ने किया प्राकृतिक कृषि शिविर का उद्घाटन

पद्मश्री सुभाष पालेकर देंगे प्रशिक्षण
रंजीव
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह राजधानी के बाबा साहब अम्बेडकर विश्वविद्यालय में शून्य लागत पर प्राकृतिक कृषि के छः दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन किया। लोक भारती संस्थान के तत्वावधान में मशहूर कृषि विशेषज्ञ पद्मश्री सुभाष पालेकर 1500 किसानों को प्रशिक्षित करेंगे। सीएम योगी ने दीप प्रज्वलित कर देशी गाय के चित्र पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, मंत्री स्वाती सिंह तथा महापौर संयुक्ता भाटिया मौजूद हैं।
शिविर में प्रतिदिन होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए श्री पालेकर ने बताया कि रासायनिक खेती से लगातार भूमि को नुकसान पहुंच रहा है और पैदावार भी घट रही है। बढ़ती जरूरतों तथा भूमि की सुरक्षा के लिए आज प्राकृतिक खेती की आवश्यकता महत्वपूर्ण हो गई है। शून्य लागत पर कृषि करने की बात करते हुए पालेकर ने बताया कि महाराष्ट्र में यह प्रयोग सफल रहा है और भूमि सुधार के साथ साथ दुगने के आसपास उत्पादन हो रहा है। जैविक खेती में लागत अधिक लगती है और ये लगातार बढ़ती जाती है इसलिए प्राकृतिक खेती का कोई विकल्प नहीं है। प्राकृतिक कृषि में लागत शून्य और उपज का दुगना मूल्य प्राप्त होता है और इससे पर्यावरण संरक्षण भी होता है। प्राकृतिक खेती प्रदूषण नियंत्रण करती है और मानव जीवन को पोषण प्रदान करती है। इस खेती में कीटनाशकों का प्रयोग नहीं किया जाता है जिसमें जल तथा पृथ्वी दोनों सुरक्षित रहते हैं। लोगों का कृषि के प्रति लगातार रूझान घटता जा रहा है और किसान आत्महत्याएं कर रहे हैं। ऐसे में प्राकृतिक कृषि हर दृष्टिकोण से देश हित में है और इससे कृषि पालायन रूकेगा। गन्ना, धान, गेहूं, दाल आदि की खेती प्राकृतिक तरीके से करने की जानकारियां देते हुए पालेकर ने बताया कि इस माध्यम से मैदानी क्षेत्रों में भी पहाड़ी फसलों को उपजाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस शिविर में पड़ोसी देशों के किसान भी भाग लेंगे और उपज से लेकर बिक्री तक की जानकारियां किसानों को दी जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *