Home > राष्ट्रीय समाचार > कोरोना वायरस: भारत में कोविड-19 के मामले बढ़े, अब तक 1,024 मामले, 27 की मौत

कोरोना वायरस: भारत में कोविड-19 के मामले बढ़े, अब तक 1,024 मामले, 27 की मौत

नई दिल्ली | (वेबवार्ता)। देश में लगातार कोरोना पॉजिटिव लोगों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। हेल्थ मिनिस्ट्री की वेबसाइट के अनुसार अब भारत में कोरोना वायरस के एक्टिव मामले बढ़कर 1024 हो गए हैं। देश में कोरोना वायरस की वजह से मरने वालों की संख्या 27 हो गई है
मप्र में कोरोना संक्रमितों की संख्या 39 हुई|
मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमित की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। अब यह आंकड़ा 39 पर पहुंच गया है, सबसे ज्यादा इंदौर में 20 लोगों के नमूने पॉजिटिव पाए गए हैं। राज्य में अब तक दो मरीजों की मौत हुई है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से रविवार की रात जारी बुलेटिन के अनुसार, राज्य में कोरोना वायरस पॉजिटिव की संख्या 39 हो गई है। सबसे ज्यादा 20 लोगों के पॉजिटिव नमूने इंदौर में पाए गए हैं, वहीं उज्जैन में 4, भोपाल में 3, ग्वालियर में 2, जबलपुर में 8, शिवपुरी में दो मरीजों के नमूने पॉजिटिव आए हैं।
गुजरात में 63 केस आए सामने, पांच की मौत
गुजरात में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के आठ नए मामले सामने आने के बाद संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 63 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि अहमदाबाद के अस्पताल में 45 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत के बाद कोरोना वायरस से राज्य में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर पांच हो गया।
प्रमुख सचिव (स्वास्थ्य) जयंती रवि ने बताया कि रविवार को कोविड-19 के आठ नए मामले सामने आए- अहमदाबाद में चार, राजकोट, सूरत, पोरबंदर और गिर सोमनाथ से एक-एक मामले सामने आए। जिससे कोविड-19 मरीजों की कुल संख्या बढ़कर प्रदेश में 63 हो गई। उन्होंने कहा कि इन आठ लोगों में से चार लोग स्थानीय स्तर पर प्रसार से संक्रमित हुए, तीन ने हाल में दुबई और जर्मनी की यात्रा की थी जबकि एक अन्य ने कई राज्यों की यात्रा की थी।
कर्नाटक में कोविड-19 के सात नए मामले
रविवार को कर्नाटक में कोरोना वायरस के सात नए मामले सामने आए जिसके बाद राज्य में संक्रमित व्यक्तियों की संख्या बढ़कर 83 हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को यह जानकारी दी। संक्रमित व्यक्तियों में से तीन की मौत हो चुकी है और पांच को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। विभाग के अनुसार कोविड-19 के 75 मरीजों को अस्पताल में पृथक रखा गया है और उनकी हालत स्थिर है।
मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने रविवार को सर्वदलीय बैठक की और नेताओं को विषाणु की रोकथाम के लिए किए उठाए गए कदमों की जानकारी दी। बैठक में येदियुरप्पा ने कहा कि जांच के उपकरणों, दवाई और मास्क की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा, ‘यदि जरूरत पड़ेगी तो हम विभिन्न जगहों से अतिरिक्त जांच उपकरण मंगाकर सभी जिला और तालुका अस्पतालों में वितरित करेंगे।’
मरीजों की बढ़ती सख्या के बीच गुड न्यूज, 100 लोग ठीक भी हुए
भारत में कोरोना के बढ़ते मरीजों के बीच अच्छी खबर भी है। अब तक 100 मरीज इस जानलेवा बीमारी से पूरी तरह ठीक होकर घर जा चुके हैं। सरकारी आंकड़े के अनुसार, देश में अब तक इस बीमारी के 1,071 मरीज हैं जबकि 29 लोगों की मौत हुई है।
केरल में 19 मरीज हुए ठीक
हेल्थ मिनिस्टरी के जारी आंकड़ों के अनुसार, मरीजों की कुल संख्या में 49 विदेशी भी शामिल हैं। केरल में सबसे ज्यादा 194 कोरोना के मामले सामने आए हैं। यहां 19 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। राज्य में कोरोना के कारण पूरी तरह से लॉकडाउन है।
महाराष्ट्र में अब तक 25 मरीजों को छुट्टी
महाराष्ट्र ऐसा दूसरा राज्य है जहां कोरोना के सबसे ज्यादा मामले पाए गए हैं। यहां अब तक 193 लोग कोरोना पीड़ित हैं। पर खुशी की बात यह भी है कि यहां से ही सबसे ज्यादा 25 मरीज ठीक भी हुए हैं।
हरियाणा में भी लोग हो रहे हैं ठीक
हरियाणा में कोरोना वायरस के 33 केस आए हैं। यहां 17 लोग ठीक हुए हैं। राज्य में इस घातक बीमारी से किसी की मौत की कोई खबर नहीं है।
यूपी में 11 मरीज हुए ठीक
उत्तर प्रदेश में कोरोना के 75 मामलों की पुष्टि हुई है। इसमें 11 लोग ठीक हो चुके हैं। यूपी में सबसे ज्यादा मामले नोएडा से सामने आए हैं। यहां 31 लोग कोरोना से पीड़ित हैं।
गुजरात में 2 मरीजों को छुट्टी
गुजरात में कोरोना के 58 मामले की पहचान हुई है। इस बीमारी से राज्य में 5 लोगों की मौत हुई है। इस बीच, राज्य से कुछ अच्छी खबर भी है। सूरत और अहमदाबाद की दो महिला मरीज ने इस बीमारी से लड़कर उसे मात भी दी है। रविवार को सूरत की 21 वर्षीय एक लड़की को अस्पताल से छुट्टी दी गई। लड़की लंदन यात्रा की ट्रैवल हिस्ट्री थी।
सूरत के डेप्युटी म्युनिसिपल कमिश्नर (हेल्थ ऐंड हॉस्पिटल) डॉ. आशीष नायक ने बताया कि लड़की का तीसरा सैंपल भी निगेटिव आया है। वह 14 दिन में रिकवर हो गई है। अहमदाबद में भी एक 34 वर्षीय महिला भी कोरोना को मात देकर अस्पताल से छुट्टी पाई है। 10 दिन अस्पताल में रहने के बाद उसके दोनों सैंपल निगेटिव पाए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *