Home > स्थानीय समाचार > शिवपाल का मोहभंग स्टार प्रचारक की सूची से मुलायम का नाम गायब

शिवपाल का मोहभंग स्टार प्रचारक की सूची से मुलायम का नाम गायब

लखनऊ (यूएनएस)। होली खत्म होते ही राजनीतिक दलों ने चुनाव की कवायद तेज कर दी। भाजपा कांग्रेस, प्रसपा ने अपने अपने उम्मीदवारों की ताबड़तोड़ लिस्ट जारी कर दी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर का लोकसभा क्षेत्र इस बार बदल दिया गया है। वह अब फतेहपर सीकरी आगरा से चुनाव लड़ेंगे। वहीं दूसरी ओर बड़े भाई मुलायम सिंह यादव की खड़ाऊं लेकर राजनीति करने का दावा करने वाले उनके भाई शिवपाल सिंह यादव का भी भ्रात प्रेम खत्म हो गया है। उन्होंने आज जो सूची जारी की है उनमें स्टार प्रचारक की सूची से मुलायम का नाम गायब है। इस मुद्दे पर शिवपाल कुछ भी नहीं बोल रहे हैं। लोकसभा चुनाव 2019 के तहत कांग्रेस ने देर रात सातवीं सूची जारी कर दी। इस सूची में 35 उम्मीदवारों के नाम है। पार्टी ने यूपी की दो सीटों पर प्रत्याशी बदल दिए हैं। प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर अब मुरादाबाद की जगह फतेहपुर सीकरी से लड़ेंगे। उन्होंने खुद अपनी सीट बदलने की गुहार लगाई थी। उनकी जगह कवि इमरान प्रतापगढ़ी को मुरादाबाद से उतारा गया है। वहीं, बिजनौर से नसीमुद्दीन सिद्दकी को इंदिरा भाटी की जगह उतारा है। पार्टी ने जम्मू कश्मीर की श्रीनगर सीट अपने सहयोगी दल नेकां के लिए छोड़ी है। वहीं सपा से मिर्जापुर के सांसद रहे बाल कुमार पटेल कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। हरदोई से वीरेंद्र कुमार वर्मा व बांदा से बालकुमार पटेल व कौशांबी से गिरीश चंदन पासी को टिकट दिया है। बरेली से सांसद रहे पूर्व मंत्री प्रवीण सिंह ऐरन को कांग्रेस ने एक बार फिर से टिकट दिया है। उनकी पत्नी बरेली से मेयर भी रही थीं। दूसरी और भाजपा ने भी देर रात अपनी सूची जारी की। इस सूची में यूपी की सीटों की घोषणा नहीं की गई है। ऐसा माना जा रहा है कि भाजपा ऐन चुनाव नामांकन के वक्त ही अपनी सूची जारी करेगी ताकि उनके टिकट कटने वाले अथवा दावेदार नाराज होकर दूसरे दल के उम्मीदवार न बनने पाएं। उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव की अगुवाई वाली प्रगतिशील समाजवादी पार्टी-लोहिया (प्रसपा) ने शनिवार को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इस स्टार प्रचारकों की सूची में 20 लोगों का नाम शामिल है। इस सूची में पहला नाम शिवपाल सिंह यादव का है, दूसरा नाम उनके बेटे आदित्य यादव का है। वहीं मुलायम सिंह यादव का नाम सूची में शामिल नहीं है। शिवपाल सिंह यादव, आदित्य यादव, सैय्यदा शादाब फातिमा, शारदा प्रताप शुक्ला, राम नरेस यादव, राम सिंह यादव, सुंदर लाल लोधी, वीरपाल सिंह यादव, फरहत हसन खान, डॉ सीपी राय, रघुराज सिंह शाक्य, दीपक मिश्रा, अभिषेक सिंह आशू, डॉ रणवीर सिंह, जुनैद अहमद, डॉक्टर रक्षपाल सिंह, देवेंद्र गुप्ता, नितिन कोहली, विजय यादव, गौतम राणा सागर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *