Home > स्थानीय समाचार > लखनऊ नगर निगम सदन की वंदे मातरम से होगी शुरुआत,

लखनऊ नगर निगम सदन की वंदे मातरम से होगी शुरुआत,

इकाना और केडी सिंह के बाद शहर में एक और स्टेडियम बनेगा
लखनऊ। लखनऊ नगर निगम सदन गुरुवार को हंगामे के साथ शुरू हुआ। पुनरीक्षित बजट को लेकर बुलाए गए सदन की शुरुआत में बीजेपी पार्षदों ने हंगामा किया। नगर निगम जोन-3 के सफाई इंस्पेक्टर सुनील वर्मा को हटाने की मांग को लेकर बीजेपी पार्षदों ने हंगामा किया। उनका आरोप है कि सुनील वर्मा पूरे जोन-3 में आम आदमी से लेकर जनप्रतिनिधियों तक से बदतमीजी करते हैं। उनको हटाने के विरोध में मेयर और नगर आयुक्त के डायस तक पार्षद पहुंच गए। पार्षदों के व्यवहार से मेयर सुषमा खर्कवाल नाराज हुईं। जब एक पार्षद अपनी बात रख रहे थे, तभी दूसरे पार्षद हंगामा कर रहे थे। इससे मेयर नाराज हो गईं। उन्होंने कहा कि यह सदन है कि मछली मंडी… कुछ समझ नहीं आ रहा है। लखनऊ नगर निगम सदन की शुरुआत वंदे मातरम से करने का प्रस्ताव आया। इसको लेकर समाजवादी पार्षद यावर हुसैन रेशू ने सवाल खड़ा किया। उनका कहना था कि आज से पहले सदन की शुरुआत कभी भी वंदे मातरम से नहीं हुई थी। हालांकि कांग्रेस पार्षद मुकेश सिंह चौहान ने कहा, इसमें कोई एतराज नहीं और सदन में वंदे मातरम होना चाहिए। उसके बाद सदन की शुरुआत वंदे मातरम से की गई। मेयर सुषमा खर्कवाल ने इसको लेकर लोकसभा और राज्यसभा का हवाला दिया। उन्होंने कहा, सदन की शुरुआत वंदे मातरम से और समापन राष्ट्रगान से किया जाएगा। नगर निगम सदन में भाजपा और सपा पार्षद गाय को लेकर भिड़ गए। दरअसल भाजपा पार्षद किसी बात पर आवारा गाय बोल गए। इसको लेकर सपा पार्षद लाइका गाने ने सवाल खड़ा कर दिया कि गाय को आवारा न बोले। वह माता है तो आवारा कैसे हो गई। इसको लेकर भाजपा पार्षदों ने हंगामा करना शुरू कर दिया कि आप बेवजह का मजाक कर रहे हैं सदन में। सपा और कांग्रेस पार्षद इसको को लेकर विरोध में खड़े हो गए। इकाना और केडी सिंह के बाद लखनऊ में एक और स्टेडियम बनेगा। नगर निगम ट्रिपल पी मॉडल पर लखनऊ स्टेडियम बनाएगा। इसको लेकर जमीन नगर निगम देगा बाकी प्राइवेट फॉर्म से इसको तैयार करेगा। नगर निगम अपनी आय बढ़ाने के लिए शहर के सभी ट्रांसफार्मर पर हाउस टैक्स लेगा। लेस के करीब 20000 से ज्यादा ट्रांसफार्मर लखनऊ में लगे हैं। उन सभी जगह को चिह्नित कर क्षेत्रफल के हिसाब से हाउस टैक्स लगाया जाएगा। पार्षदों ने आय बढ़ाने के लिए प्रस्ताव दिया। उसको सदन से स्वीकार कर लिया है। शहर में चल रहे सिंगल स्क्रीन और मल्टीप्लेक्स सिनेमा हॉल पर टैक्स बढ़ाया जाएगा। नगर निगम सदन में तय किया गया है कि अभी प्रति शो 25 रुपए के हिसाब से टैक्स लिया जाता है। उसको करीब 100 तक करने का प्रस्ताव आया है। हालांकि इसके लिए कमेटी बनेगी। कमेटी ही रेट तय करेगी, लेकिन रेट बढ़ने का प्रस्ताव पारित कर दिया गया है। सिंगल स्क्रीन और मल्टीप्लेक्स मिलाकर शहर में 25 जगह पर मूवी दिखाई जाती है। शहर में प्रतिदिन करीब 350 शो चलते हैं। लखनऊ में नो पार्किंग जोन में खड़ी गाड़ियों को उठाने का काम नगर निगम का है। इसको लेकर शासन को पत्र लिखा जाएगा। वहां से सहमति मिलने के बाद गाड़ियों को उठाने का काम नगर निगम करेगा। भाजपा पार्षद सुरेश तिवारी पम्मी और कांग्रेस पार्षद मुकेश सिंह चौहान ने कहा कि मौजूदा समय गाड़ियों को उठाने में बड़े स्तर पर धांधली की जा रही है। आम आदमी को प्रताड़ित किया जा रहा है। यह काम नगर निगम का था, लेकिन ट्रैफिक विभाग को दे दिया गया। शहर में अब गाड़ियां उठाने का काम फिर से नगर निगम को वापस ले लेना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *