घड़ी फैक्ट्री के मैनेजर बोले, चल रही बातचीत
झांसी। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में एक घड़ी फैक्ट्री के मजदूर सोमवार को सड़कों पर उतर आए। उन्होंने विरोध जताते हुए आरोप लगाया कि उन्हें कई महीनों से वेतन नहीं दिया जा रहा है। मामले की शिकायत पुलिस से करने के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं होती। हालांकि फैक्ट्री के मैनेजर ने बताया कि मामले में बात कर रहे हैं। औद्योगिक क्षेत्र बिजौली स्थित घड़ी फैक्ट्री में कार्यरत दर्जनों मजदूरों का ठेकेदार द्वारा पैमेंट न किये जाने पर आज आक्रोश सड़कों पर आ गया। सभी मजदूर काम छोड़ कर फैक्ट्री के सामने एकत्रित हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि कई महीनों से उनका वेतन नहीं दिया जा रहा है। कई बार मामले की शिकायत बिजौली पुलिस से की गई, लेकिन हर बार इसे टाल दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि फैक्ट्री का मैनेजर ठेकेदारों से मिला हुआ है। इसके चलते उन्होंने ठेकेदारों को वहां से विरोध होते देख निकाल दिया है। इस सम्बंध में घड़ी साबुन फैक्ट्री के मैनेजर मनदीप सिंह ने बताया कि मैनेजमेंट से बात कर समाधान की कोशिश हो रही है। समाचार लिखे जाने तक मजदूरों को आश्वस्त करने की कोशिश जारी थी। साथ ही बिजौली चौकी पुलिस घटनास्थल पर थी।