खोड़ारे गोण्डा। थाना क्षेत्र खोड़ारे के खोजवा परसा चौराहे पर सोमवार की देर रात होटल में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग की लपटों को देख आसपास के लोग मौके पर एकत्र हुए। पुलिस व दमकल कर्मी भी पहुंचे। दमकल कर्मियोंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस अग्निकांड में लगभग 2 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति की क्षति का अनुमान है। थाना क्षेत्र के ही बकसरिया निवासी मोहन यादव पुत्र भीखी खोजवा परसा चौराहे पर चाय-पानी की दुकान करते हैं। लॉक डाउन की वजह से होटल बंद कर अपने घर चले गए थे। इसी दौरान रात लगभग 12 बजे अज्ञात कारणों से दुकान में आग लग गई। आसपास के लोगों ने दुकान मालिक को घटना की सूचना दी।जब तक वे होटल पर पहुंचते, तब तक आग ने उग्र रूप धारण कर लिया था।आग की लपट से भीतर रखे गैस सिलिडर में विस्फोट हो गया। सूचना पर दमकल कर्मी और थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान दुकान में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। होटल मालिक ने बताया कि आग लगने से तकरीबन 2 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। पीड़ित ने थाने पर तहरीर दी है।इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है जाँच की जा रही है।