Home > अपराध समाचार > अवैध सम्बन्ध के चलते हुई राम कुमार की हत्या

अवैध सम्बन्ध के चलते हुई राम कुमार की हत्या

मुख्य आरोपी सहित चार गिरफ्तार
फैजाबाद । राम जन्मभूमि थाना क्षेत्र के रविदास मन्दिर के पीछे राम कुमार की हुई हत्या का कारण अवैध सम्बन्ध था। राम कुमार को उसकी प्रेमिका के पुत्र ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर गला काटकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अभियुक्त फरार है। पुलिस लाइन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर अनिल सिंह सिसोदिया ने हत्याकाण्ड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि मोहल्ला विभीषणकुण्ड स्थित रविदास मन्दिर के पीछे झाड़ीनुमा प्लाट पर एक व्यक्ति का सिरकटा हुआ शव बरामद हुआ था। काफी जद्दोजहद के बाद पार्षद घनश्याम पहलवान ने शव की शिनाख्त राम कुमार पासी पुत्र बुद्धिराम निवासी ग्राम सरवनपुर थाना खण्डासा के रूप में किया। पार्षद ने पुलिस को यह भी बताया कि अक्सर यह अपने साथियों के साथ होटल पर चाय पीने आता था तथा मजदूरी का काम करता था। पुलिस ने मुखबिरों की सहायता से जानकारी हांसिल किया तो पता चला कि रामकुमार और दुराही कुंआ निवासी ज्ञानमती पत्नी स्व. जंग बहादुर के साथ मजदूरी का कार्य करता था। राम कुमार का ज्ञानमती के घर अक्सर आना जाना रूकना और खाना पीना हुआ करता था। ज्ञानमती से राम कुमार का अवैध सम्बन्ध भी था इसी बात को लेकर ज्ञानमती का पुत्र प्रीतम सिंह खिन्न रहता था और अक्सर विरोध करता था परन्तु ज्ञानमती व राजकुमार प्रीतम सिंह के लाख कहने के बावजूद सम्बन्ध तोड़ने को तैयार नहीं थे। उन्होंने बताया कि प्रीतम सिंह ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर राम कुमार को रास्ते से हटाने की योजना बनाया। 12 अप्रैल को प्रीतम सिंह ने अपने दोस्तों के साथ राम कुमार की हत्या की योजना बनायी और शाम को राम कुमार को अपने घर आने पर शराब पिलाने ले गया। इसके बाद वह राम कुमार को मोहल्ला विभीषण कुण्ड स्थित रविदास मन्दिर के पीछे झाडीनुमा प्लाट पर ले गया जहां उसने अपने साथियों के साथ मिलकर बांके से प्रहार करके राम कुमार का गला काटकर मौत के घाट उतार दिया। मुखबिर की सूचना पर रामजन्म भूमि पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रीतम सिंह व उसे चार सथी मंजीत पुत्र अरीराम मांझी निवासी मीरापुर बुलंदी, सियाराम पुत्र अयोध्या मांझी निवासी मोहल्ला नारा राजघाट व बजरंगी पुत्र रामजी निवासी रामघाट को नयाघाट से धर दबोचा। एसपी सिटी ने बताया कि हत्या आरोपियों का एक साथी सुहेल अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है उसे जल्दी पकड लिया जायेगा। उन्होंने बताया कि अभियुक्तों के पास से आला कत्ल बांका भी बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार किये गये हत्यारोपियों को जेल भेजा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *