Home > अवध क्षेत्र > अयोध्या > गुलाम नबी आजाद पर बरसे मुस्लिम लीग के प्रदेश अध्यक्ष

गुलाम नबी आजाद पर बरसे मुस्लिम लीग के प्रदेश अध्यक्ष

अयोध्या। इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नजमुल हसन गनी ने पूर्व कांग्रेसी नेता गुलाम नबी आजाद के पार्टी छोड़ने के मामले पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी में जितना सम्मान इनको मिला है वैसा किसी पार्टी में नहीं मिल सकता है।
मुस्लिम लीग के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. गनी ने गुरूवार को यहां यूनीवार्ता से बातचीत करते हुए कहा ‘ पूर्व कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद को राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी ने काफी सम्मान और लाभ दिया है। जहां तक मुझे जानकारी है कि आजाद साहब को इसी पार्टी ने चार बार राज्यसभा का सदस्य बनाया और एक बार जम्मू कश्मीर का मुख्यमंत्री बनाया है। आजाद साहब अपने गांव से अगर प्रधान का भी चुनाव लड़ते तो कभी जीत नहीं सकते थे। साथ ही साथ यह भी कहा कि अगर वह अपनी पार्टी भी अब बना लेते हैं तो उनको इतना सम्मान अपनी पार्टी में भी नहीं मिलेगा। आजाद साहब को पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की सरकार में कैबिनेट मंत्री और पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की सरकार में भी कैबिनेट मंत्री का दर्जा बराबर मिलता रहा। आजाद साहब खुद ही कह रहे हैं कि मैंने कांग्रेस पार्टी में पचास साल गुजार दिये। इन पचास सालों में पैंतीस वर्ष केन्द्र सरकार में मंत्री रहे या मुख्यमंत्री बने।’
मुस्लिम लीग के नेता ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की सरकार में किसी न किसी सूबे के इंचार्ज भी रहे और इसी तरह श्रीमती सोनिया गांधी के भी नंबर दो के नेता रहे हैं। कांग्रेस पार्टी आजाद साहब से पूछे बगैर कोई काम नहीं करती थी। आज उसी कांग्रेस पार्टी को कोसा जा रहा है। यह नैतिकता के विरुद्ध है।
पूर्व कांग्रेसी नेता आजाद साहब ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस समय ट्विटर पर है। इसी पार्टी ने देश को आजाद कराने में बड़ी भूमिका निभायी है तो कैसे मान लिया जाय कि आज यह पार्टी ट्विटर पर काम कर रही है। अभी मात्र करीब दस साल से कम समय से केन्द्र में कांग्रेस की सरकार नहीं है और उसको आजाद साहब ने ट्विटर की संज्ञा दे दी है। उन्होंने कहा कि सौ साल पुरानी कांग्रेस पार्टी सबसे ज्यादा सत्ता में रही है और शहर-शहर गांव-गांव में आज भी इस पार्टी का वजूद कायम है। कांग्रेस पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है जो लोकतंत्र को बचाने के लिए पूरे देश में काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *