Home > स्थानीय समाचार > स्वाभिमान से भरा प्रदेश, आकर्षित देश-विदेश – राकेश त्रिपाठी

स्वाभिमान से भरा प्रदेश, आकर्षित देश-विदेश – राकेश त्रिपाठी

लखनऊ | भारतीय जनता पार्टी प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक, अध्यात्मिक विरासत व परम्पराओं को सहेजने के लिए योगी सरकार के प्रयासों की प्रशंसा की। श्री त्रिपाठी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का स्वर्णिम गौरवशाली अतीत रहा है। आज उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से ‘आसियान देशों का रामायण महोत्सव’ मनाया जा रहा है। इण्डोनेशिया की रामलीला का मंचन अवध शिल्प ग्राम लखनऊ में हो रहा है। थाईलैण्ड की रामलीला का मंचन तुलसी स्मारक अयोध्या में हो रहा है।
श्री त्रिपाठी ने कहा कि जो राष्ट्र अपना गौरवशाली अतीत भूल जाता है वो समाप्त हो जाता है। उत्तर प्रदेश की अतीत में पहचान भगवान राम-कृष्ण-गौतम की जन्मस्थली की रही है। गंगा, यमुना, सरयू सरीखी पवित्र नदियां यहां बहती है। सबसे उपजाऊ जमीन, सबसे अधिक सुलभ मानव संसाधन उत्तर प्रदेश में है। फिर भी उ0प्र0 की छवि देश-विदेश में अच्छी नहीं बनी, उसका बड़ा कारण इस गौरव को भुला देना था। अयोध्या में दीपावली, मथुरा में होली व इलाहाबाद का कुम्भ गौरव की अनुभूति के साथ-साथ पर्यटन की असीम संभावनाओं को भी खोल रहा है।
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ योजना उ0प्र0 के हर जनपद की पहचान लौटाकर न केवल रोजगार सृजन का बड़ा अवसर खड़ा करेगी बल्कि देश विदेश को भी उ0प्र0 की ओर आकर्षित करेगी। इन्वेसटर्स समिट के लिए उद्योग जगत की उत्सुकता से साफ दिख रहा है कि उ0प्र0 विकास की नयी इबारत लिखने वाला है |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *