Home > पश्चिम उ० प्र० > उरई > बाढ़ पीड़ितों के लिए मसीहा बनकर उभरा परमार्थ, केयर इंडिया के सहयोग से बांटा गृहस्थी का तमाम सामान

बाढ़ पीड़ितों के लिए मसीहा बनकर उभरा परमार्थ, केयर इंडिया के सहयोग से बांटा गृहस्थी का तमाम सामान

माधौगढ (जालौन)। रामपुरा ब्लाक के बाढ़ प्रभावित गांवों में जनजीवन की मुसीबतें अभी खत्म नहीं हुई हैं। लोगों के सामने खाने पीने से लेकर रहने तक की समस्यायें मुह बायें खड़ी हैं। मवेशी चारे की कमी से बेहाल हैं तो खेती को सहेजना भी ऐसे समय में टेढ़ी खीन बना हुआ है।
संकट के इस दौर में परमार्थ समाज सेवी संस्थान हमेशा की तरह उनकी मदद के लिए हाथ आगे बढ़ा रही है। तात्कालिक सहायता के रूप में संस्था द्वारा सूखे राशन की किट का बाढ़ पीड़ितों में व्यापक वितरण कराया जा चुका है। इस क्रम में अब केयर इंडिया के सहयोग से परमार्थ द्वारा गृहस्थी के लिए जरूरी गैर खाद्यान्न सामान का वितरण भी शुरू कर दिया गया है।
गत दिनों रामपुरा विकास खंड के 14 ग्रामों के बाढ़ पीड़ित 550 परिवारों को उक्त सामान का वितरण किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में केयर इंडिया उत्तर प्रदेश की इमरजेंसी टीम के प्रतिनिधि मो0 वलीउल्लाह उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि भीषण आपदा से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत के लिए केयर इंडिया द्वारा सहायता उपलब्ध करायी जाती है। यहां बाढ़ पीड़ित परिवारों को तिरपाल, प्लास्टिक रस्सी, कंबल, चटाई, बर्तन सेट व बाल्टी का वितरण कराया गया है। वितरण के दौरान कोरोना से बचाव के नियमों को पालन करते हुए ऐसा प्रबंधन किया गया जिससे किसी लाभार्थी को समस्या का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने बताया कि मदद में ज्वलंत समुदायों जैसे विधवा, विकलांग, वृद्ध, निराश्रित व महिला मुखिया वाले परिवारों को प्राथमिकता दी गई।
यह वितरण माधौगढ़ के उप जिलाधिकारी सालिगराम की देखरेख में कराया गया। उप जिलाधिकारी ने परमार्थ और केयर इंडिया के मानवीय दृष्टिकोण को सराहा और कहा कि इससे बाढ़ के चलते तबाही के शिकार हुए जनजीवन को संबल मिलेगा। परमार्थ के निदेशक अनिल सिंह ने इस कार्यक्रम में भी दोहराया कि बाढ़ पीड़ितों को संकट से उबरने तक उनकी संस्था हर कदम पर मदद के लिए उनके साथ खड़ी रहेगी। कार्यक्रम का कोर्डिनेशन कर रहे शिवमंगल सिंह के साथ परमार्थ के संतोष कुमार, निर्मल पाल, नाथूराम बौद्ध, मयंक कुमार, अजीत कुमार, पृथ्वीराज आदि ने सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *