Home > राष्ट्रीय समाचार > गुजरात और हिमाचल में भाजपा की बनेगी सरकारः एग्जिट पोल

गुजरात और हिमाचल में भाजपा की बनेगी सरकारः एग्जिट पोल

गुजरात | चुनाव बाद सर्वेक्षणों (एग्जिट पोल्स) में आज कहा गया कि गुजरात में सत्तारूढ़ भाजपा फिर स्पष्ट बहुमत प्राप्त करेगी। राज्य में आज दूसरे और अंतिम दौर का मतदान संपन्न होने के तुरंत बाद अलग-अलग एग्जिट पोल आए। इंडिया टीवी के एग्जिट पोल में कहा गया है कि गुजरात की 182 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को 104-114 और कांग्रेस को 65-75 सीट मिलेंगी। वहीं, आजतक के एग्जिट पोल में कहा गया कि सत्तारूढ़ भाजपा को 99-113 सीट मिलेंगी तथा विपक्षी कांग्रेस की झोली में 68-82 सीट आ सकती हैं। अन्य को 0-4 सीट मिल सकती है। टाइम्स नाउ के एग्जिट पोल में कहा गया कि राज्य में भाजपा को 109, कांग्रेस को 70 तथा 3 सीट अन्य दलों को मिल सकती हैं। रिपब्लिक-सी वोटर के एग्जिट पोल के अनुसार भाजपा को 108 और कांग्रेस को 74 सीट मिलने का अनुमान है।
वहीं, एनडीटीवी पर आए एक एग्जिट पोल में कहा गया कि भाजपा को 112 तथा कांग्रेस को 70 सीट मिल सकती हैं। गुजरात में सरकार बनाने के लिए किसी भी दल को 92 सीट जीतने की आवश्यकता है। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 115, कांग्रेस को 61 तथा अन्य को छह सीट मिली थीं।
न्यूज-24 व टूडेज चाणक्या का अनुमान है कि गुजरात में भाजपा को 135, कांग्रेस को 47 सीटें मिल सकती हैं। एबीपी न्यूज-सीएसडीएस का एग्जिट पोल कहता है कि भाजपा को 117, कांग्रेस को 64 और अन्य को 1 सीट मिल सकती है।
हिमाचल प्रदेश
हिमाचल प्रदेश के बारे में भी विभिन्न एग्जिट पोलों में भाजपा की जीत का अनुमान है। आजतक का एग्जिट पोल कहता है कि यहां भाजपा को 47-55, कांग्रेस को 13-20, अन्य को 0-2 सीटें मिल सकती हैं। एबीपी न्यूज का एग्जिट पोल कहता है कि भाजपा को 38, कांग्रेस को 29 और अन्य को 1 सीट मिल सकती है। टाइम्स नाउ का अनुमान है कि भाजपा को 51, कांग्रेस को 16 और अन्य को 1 सीट मिल सकती है। न्यूज-24 और टूडेज चाणक्या का कहना है कि भाजपा को 55, कांग्रेस को 13 सीट मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *