Home > स्थानीय समाचार > व्हील चेयर की सौगात पाकर खिला वृद्धा का चेहरा

व्हील चेयर की सौगात पाकर खिला वृद्धा का चेहरा

संवाददाता ,सैयद अख्तर अली
लखनऊ। कहते हैं ईश्वर को कोई कार्य सिद्ध करना होता है तो धरती पर अपने दूतों के माध्यम से करा देता है। वैसे तो भगवान को किसी ने नहीं देखा लेकिन समय समय पर उसकी झलक हमें अपने आस पास दिख जाती है। आनंद फाउंडेशन की फाउंडर व डायरेक्टर जयंती शुक्ला ने जब 78 वर्षीय वृद्धा नसीम फातमा को चमचमाती व्हील चेयर पर अपने मजबूत हाथों से सहारा देकर बैठाया तो उनकी आंखें खुशी के आंसुओं से डबडबा गईं। आपको बता दें रायबरेली की मूल निवासी नसीम फातमा के पति आबिद अली का कुछ वर्षों पहले निधन हो गया था। इसके बाद वो लखनऊ आकर अपने लड़को के पास रहने लगीं। वृद्धावस्था संबंधी दिक्कतों से जूझ रही नसीम फातमा की समस्या इतनी बढ़ गई कि वो चलने फिरने से लाचार हो गईं। प्राइवेट जॉब करने वाले बेटों की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वो मंहगी व्हील चेयर खरीदने में असमर्थ थे। पैरों से लाचार वृद्धा को नित्यक्रिया के लिए शौचालय तक जाना असंभव हो गया। ऐसे कठिन समय आनंद फाउंडेशन की फाउंडर व डायरेक्टर जयंती शुक्ला, भगवान का रूप धरकर सामने आईं। उन्होंने अम्बरगंज पहुंचकर वृद्धा को चमचमाती व्हील चेयर सौंपकर उन्हें मुश्किलों से भारी राहत दिलाई। व्हील चेयर पाकर नसीम फातमा का झुर्रियों भरा चेहरा खुशी से गदगद हो गया। उन्होंने दामन फैलाकर जयंती शुक्ला को हज़ारों दुआएं दिया। घर जाकर व्हील चेयर देने वाली टीम में आनंद फाउंडेशन की जयंती शुक्ला, संरक्षक निरुपमा शुक्ला, कोषाध्यक्ष मीनाक्षी श्रीवास्तव, सचिव रजत शुक्ला और सदस्य विशाखा श्रीवास्तव शामिल थे। वृद्धा के बेटे मज़हर, बहू नाहीद बानो, पोती शाइस्ता सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने आनंद फाउंडेशन का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए दिल की गहराईयों से आभार प्रकट किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *