Home > स्थानीय समाचार > सम्भल में बस और गैस टैंकर की टक्कर, आठ लोगों की मौत, कई घायल

सम्भल में बस और गैस टैंकर की टक्कर, आठ लोगों की मौत, कई घायल

लखनऊ,  (वेबवार्ता)। प्रदेश के संभल जिले में बुधवार को रोडवेज बस और गैस के टैंकर की आमने-सामने की टक्कर में आठ लोगों की मौत हो गई। वहीं कई घायल हो गए। घने कोहरे के कारण यह हादसा हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।आगरा-मुरादाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार की सुबह अलीगढ़ डिपो की रोडवेज बस और गैस के टैंकर के बीच सम्भल के धनारी थानाक्षेत्र के ग्राम मानकपुर की मढ़ैया के निकट जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी की आधी बस पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि टैंकर के अगला हिस्से को नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग दुर्घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। लोगों ने तत्काल पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बस से मृतकों और घायलों को निकालने का काम शुरू कराया। पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र भी मौके पर पहुंचे। जानकारी के मुताबिक मौके से आठ शव निकाले जा चुके हैं। पुलिस ने कई और लोगों की मौत की सम्भावना जतायी है। राहत व बचाव कार्य तेज कर दिया गया है। बताया जा रहा है टैंकर चालक का शव फंसा हुआ है। इसके अलावा टैंकर के पहिए के नीचे भी एक शव दबा हुआ है, इन्हें निकालने का प्रयास किया जा रहा है। एंबुलेंस के जरिए घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को इस हादसे में घायल हुए लोगों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *