Home > स्थानीय समाचार > सैनिक कल्याण मंत्री ने पूर्व सैनिक कल्याण निगम के  अधिकारियों के साथ बैठक की

सैनिक कल्याण मंत्री ने पूर्व सैनिक कल्याण निगम के  अधिकारियों के साथ बैठक की

लखनऊ:  (आरएनएस) प्रदेश के सैनिक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अनिल राजभर ने कहा कि देश की रक्षा में भूतपूर्व सैनिकों द्वारा किए गये अभूतपूर्व योगदान को पूरा-पूरा सम्मान देना राज्य सरकार का कर्तव्य है और इस दिशा में प्रदेश की मौजूदा सरकार द्वारा हर सम्भव प्रयास किये जा रहे हैं। इन प्रयासों को सफल बनाने  में राज्य के पूर्व सैनिक कल्याण विभाग तथा निगम की भूमिका बहुत अहम है। उन्होंने निगम के अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे पूर्व सैनिकों के पुनर्वास के लिए संचालित योजनाओं को पूरे मनोयोग से क्रियान्वित करेंगे और उनका पूरा-पूरा लाभ पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों को पहुंचाना सुनिश्चित करेंगे।
श्री अनिल राजभर ने आज यहां उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण निगम के मुख्यालय का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में निगम के प्रबंध निदेशक मेजर जनरल संजय सरन (अ0प्रा0) के अतिरिक्त समस्त सहायक महाप्रबंधक एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे।
श्री राजभर ने पूर्व सैनिक कल्याण निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि प्रदेश एवं केन्द्र की सरकार पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, विधवाओं और उनके आश्रितों के लिए चलायी जा रही योजनाओं में पूरा-पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदेश के उन जिलों में जहां निगम के क्षेत्रीय कार्यालय स्थापित हैं वहां पर भी पूर्व सैनिकों के लिए अन्य कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जाएं। उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान में पूर्व सैनिकों का योगदान लिए जाने की बात भी कही।
विभाग के प्रबंध निदेशक द्वारा आदर्श ग्राम योजना के तहत एक अति पिछड़े गांव को अंगीकृत किए जाने की बात को सराहते हुए श्री अनिल राजभर ने कहा कि यह प्रस्ताव बहुत अच्छा है और वह शीघ्र ही इस प्रकार के गांव का चयन कर उसे समस्त आवश्यक सुविधाओं से युक्त करने के लिए निगम को सौंप देंगे। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा गांवों को विकास की दृष्टि से अंगीकृत करने की प्रक्रिया निरन्तर चलती रहनी चाहिए। राज्य सरकार इस सराहनीय कार्य में निगम की पूरी मदद करेगी।
निरीक्षण के दौरान निगम मुख्यालय की साफ-सफाई सहित समस्त व्यवस्थाओं से सैनिक कल्याण मंत्री बहुत संतुष्ट हुए। उन्होंने कहा कि यहां की व्यवस्थाएं अन्य विभागों और संस्थाओं के लिए प्रेरणात्मक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *