Home > स्थानीय समाचार > मुख्यमंत्री योगी ने राज्यपाल आनंदीबेन को जन्मदिन की दी बधाई, भगवान गणपति की प्रतिमा की भेंट

मुख्यमंत्री योगी ने राज्यपाल आनंदीबेन को जन्मदिन की दी बधाई, भगवान गणपति की प्रतिमा की भेंट

लखनऊ, (वेबवार्ता)। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को उनके जन्मदिन के मौके पर शनिवार को कई नेताओं ने शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजभवन जाकर राज्यपाल से मुलाकात की और उनको बधाई देते हुए भगवान गणपति की प्रतिमा भेंट की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राजभवन में करीब आधा घंटा रहे। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल आनंदीबेन के स्वास्थ्य का भी हाल भी जाना और उनके लम्बे व स्वस्थ जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात की प्रथम महिला मुख्यमंत्री एवं शुचिता, कर्मठता व संवेदनशीलता की प्रतिमूर्ति, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को उनके जन्मदिन की हृदयतल से शुभकामनाएं। मैं प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं। गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री तथा उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का आज 79वां जन्मदिन है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने भी उन्हें जन्मदिन पर आत्मीय बधाई देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ जीवन की कामना की। लखनऊ में राजभवन में उनका जन्मदिन मनाया जा रहा है। इस मौके पर कई गणमान्य लोगों, वरिष्ठ अफसरों और स्टॉफ के सदस्यों ने उनसे मुलाकात कर अपनी शुभकामनाएं दी। आनंदीबेन पटेल का जन्म मेहसाणा के विजापुर तालुका के खरोद गांव में, 21 नवम्बर 1941 को एक पाटीदार परिवार में हुआ था। उनका पूरा नाम आनंदी बेन जेठाभाई पटेल है। गुजरात की राजनीति में उन्हें ‘लौह महिला’ के रूप में भी सम्बोधित किया जाता है। वे एक मितव्ययी जीवन शैली को अपनाती हैं तथा जबरदस्त प्रशासनिक दक्षता के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने अपने शैक्षिक जीवन से लेकर राजनीति में संघर्ष के बलबूते ये मुकाम हासिल किया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *