Home > स्थानीय समाचार > मिशन शक्ति अभियान के तहत आईसीडीएस के स्टाल का किया शुभारम्भ

मिशन शक्ति अभियान के तहत आईसीडीएस के स्टाल का किया शुभारम्भ

लखनऊ। “मिशन शक्ति अभियान” के तहत मंगलवार को तहसील सरोजिनी नगर पर बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग (आईसीडीएस) द्वारा स्टाल लगाया गया | स्टाल का शुभारम्भ जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने किया |
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा- मुख्यमंत्री ने महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति अभियान शुरू किया है | महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए टोल फ्री नम्बर “181” जारी किया गया है, जिस पर कोई भी परेशानी और समस्या होने पर समाधान किया जायेगा | महिलाओं, किशोरियों और बच्चों की पोषण स्थिति में सुधार के लिए हम लगातार प्रयासरत हैं | यह देश की आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करती हैं | यही किशोरियां आगे चलकर माँ बनती हैं | समाज और देश तभी मजबूत बनेगा और आगे बढ़ेगा जब हर व्यक्ति स्वस्थ होगा |


इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेन्द्र दुबे ने कहा- आंगनबाड़ी कार्यकर्ता महिला और बाल स्वास्थ्य को मजबूत बनाने में अहम योगदान दे रही हैं | वह घर –घर जाकर लोगों को जागरूक कर रही हैं | इस अभियान के तहत “नॉक द डोर” कैंपेन चल रहा है जिसमें मुख्य सेविका एवं आँगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर कुण्डी ख़टखटाकर घर की महिलाओं और किशोरियों से उनकी समस्याओं के बारे में बात कर रही हैं और उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर रहीं हैं |
बाल विकास परियोजना अधिकारी कामिनी श्रीवास्तव ने बताया- इस अवसर पर दो किशोरियों को जिलाधिकारी ने पोषण पोटली दी | पोषण पोटली में आयरन की गोलियां, हरी पत्तेदार सब्जियां, गुड़, चना, सैनिटरी पैड शामिल था | साथ ही स्टाल पर मिशन शक्ति अभियान के बारे में लोगों को बताया गया, साथ ही पौष्टिक पदार्थों का प्रदर्शन कर इसके फायदे के बारे में भी लोगों को बताया गया |
इस अवसर पर मुख्य सेविका रजनी खरे, रश्मि शुक्ला, कंचन लता सिंह, उषा देवी गीता चौधरी और ज्योति विश्वकर्मा उपस्थित थीं |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *