Home > स्थानीय समाचार > कांग्रेस बसपा है घोटाला-स्वतंत्र देव सिंह

कांग्रेस बसपा है घोटाला-स्वतंत्र देव सिंह

लखनऊ । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री स्वतंत्र देव सिंह जी ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस पार्टी को संकटकाल में लोगों की मदद करनी चाहिए, लेकिन वह मदद की बजाय लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ कर रही है। मजदूरों की मदद के नाम पर कांग्रेस ने बस की सूची बनाने में भी घोटाला कर दिया। प्रवासी श्रमिकां के लिए बसों की व्यवस्था के नाम पर कांग्रेस द्वारा उपलब्ध सूची को काँग्रेस बस घोटाला बताते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी राजस्थान, पंजाब और महाराष्ट्र में यूपी बिहार झारखंड के लोगों को बसें नहीं दे पा रही। वहां लोग पैदल चलने को मजबूर हैं। केवल सियासत करने के लिए इन्होंने यूपी सरकार से मजदूरों की मदद करने के लिए बसें उपलब्ध कराने और उनकी अनुमति की मांग की। जब राज्य सरकार ने अनुमति दे दी तब बसों के नाम पर स्कूटर, आटो रिक्शा, एम्बुलेंस, मालवाहक गाड़ियों की सूची भेज दी। इतना ही नहीं सूची में बड़ी संख्या में ऐसी गाड़ियां भी हैं जो ब्लैकलिस्टेड हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रियंका वाड्रा जी और कांग्रेस पार्टी ने महामारी की मार झेल रहे कामगारों व श्रमिकों के साथ क्रूर मजाक किया है। इसके लिए कांग्रेस नेतृत्व को देश से माफी मांगनी चाहिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में राज्य की भाजपा सरकार पहले ही दिन से लोगों की सेवा में जुटी हुई है। प्रवासी कामगारों व श्रमिक भाइयों की सकुशल वापसी के लिए यूपी सरकार अब तक 900 श्रमिक स्पेशल ट्रेनों से लगभग दस लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित व सम्मानजनक तरीके से वापस ला चुकी है। इतना ही नहीं राज्य परिवहन की बसों से भी छह लाख से ज्यादा प्रवासी श्रमिक व कामगार अपने घरों तक सुरक्षित व सम्मानजनक तरीके से पहुंचाए गए है। राज्य परिवहन की 12 हजार बसें दिन रात लोगों की सेवा में दौड़ रही है, इतना ही नहीं हर जिलाधिकारी को अलग से दो-दो सौ बसें दी गई हैं। ऐसे वक्त में जब राज्य सरकार पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ लोगों की सेवा कर रही है, सबकी निःशुल्क यात्रा के साथ ही साथ सबके रहने की और भोजन व भरण पोषण की व्यवस्था कर रही है तब प्रियंका वाड्रा व कांग्रेस पार्टी ने शासकीय कार्यों में व्यावधान उत्पन्न किया। यह शर्मनाक व निन्दनीय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *