विवेक जयसवाल
सिकंदरपुर (बलिया)-क्षेत्र के ग्राम पंचायत चकखान में रविवार को 15 वर्षीय युवक का शव पहुंचते ही कोहराम मच गया। ज्ञात हो कि विगत 1 जनवरी 2019 को फिरोजपुर मोड पर हुई टेंपो और मोटरसाइकिल की टक्कर में 5 लोग घायल हो गए थे। जिसमें मुन्ना राजभर पुत्र विनोद राजभर (15 वर्ष) का बनारस के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था कि शनिवार की देर रात्रि अचानक उसकी मृत्यु हो गई। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अजय खरवार द्वारा रविवार की सुबह जैसे ही एम्बुलेंस से शव को लेकर गांव में प्रवेश किया पूरे गांव में मातम छा गया जो जहां था वहीं से विनोद की घर की तरफ दौड़ पड़ा। मृतक मुन्ना बहुत ही मिलनसार, मृदुभाषी और अपने मां बाप का एकलौता पुत्र था। उसकी मां दहाड़े मार मार कर रो रही थी वहीं मौके पर मौजूद लोगों की आंखों से आंसू की धाराएं रुकने का नाम नही ले रही थी। परिजनों द्वारा रविवार की दोपहर कठौड़ा घाट के सरयू तट पर अंतिम संस्कार कर दी गई।