बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के पहासू थाना क्षेत्र में डीजे बजाने को लेकर दुल्हन के भाई और कुछ युवकों में विवाद हो गया। शुक्रवार रात को शादी से एक दिन पहले हुए विवाद में दुल्हन के भाई की चाकूू से कई वार कर हत्या कर दी गई जबकि एक भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला शुक्रवार रात को पहासू थाना क्षेत्र के गांव गंगागढ़ का है। वहां पर रहने वाली विनीता पुत्री बनवारी की शनिवार को शादी हाेनी थी। इसके लिए घर पर सभी रिश्तेदार आए हुए थे। शुक्रवार रात को विनीता के घर के सामने कुछ युवक तेज आवाज में डीजे बजाने लगे। इस पर बनवारी और उसके बेटों ने डीजे बजाने का विरोध किया। इसको लेकर आरोपियों और उनके बीच में बहस हो गई। बहस बढ़ने पर आरोपियों ने दुल्हन के दो भाइयों पर चाकुओं से कई वार कर दिए। हमले में विनीता के भाई ब्रजेश की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके भाई कोमल की हालत गंभीर है। उसको हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद दुल्हन के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने के बाद मौके पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। युवक के पिता बनवारी ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पहासू थाना प्रभारी डीपी सिंह का कहना है कि केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।