Home > अवध क्षेत्र > सुहागरात के दूसरे दिन युवक का सुसाइड

सुहागरात के दूसरे दिन युवक का सुसाइड

उन्नाव। जिले में सुहागरात के दूसरे दिन युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। बुधवार सुबह युवक का शव पेड़ से लटकता मिला। वह खेत जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वापस नहीं आया। 22 अक्टूबर को ही उसकी शादी हुई थी। 23 अक्टूबर को दुल्हन को विदा कराकर लाया था। दूल्हे की सुसाइड की खबर से घर में मातमी माहौल हो गया। चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। कोतवाली क्षेत्र के सुम्भारी खुर्द गांव में रमेश गौतम अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनके 30 साल के बेटे दीपू गौतम की 22 अक्टूबर को शादी हुई थी। गाजे-बाजे के साथ दोपहर में घर से बारात निकली। सारे बाराती नाचते-गाते दुल्हन के घर पर पहुंचे। वहां सारी रस्में खुशी-खुशी निभाई गईं। शाम को जयमाल हुआ। सभी ने वर-वधू को आशीर्वाद दिया। इसके बाद देर रात दूल्हा-दुल्हन ने पूरे रीति-रिवाज से सभी रस्में निभाकर सात फेरे लिए। अगले दिन मंगलवार दोपहर लड़के वाले दुल्हन को विदा कराकर घर ले आए। यहां लड़के के परिवार वालों ने दुल्हन का स्वागत किया। इसके बाद घर के अंदर सारी रस्में निभाई गईं। दिन भर घर में खुशी का माहौल था। देर रात दूल्हा और दुल्हन अपने कमरे में चले गए। पिता रमेश गौतम ने बताया कि बुधवार सुबह पांच बजे बेटा घर से खेत जाने की बात कहकर निकला था। इसी बीच दीपू ने शारदा नहर की पुरवा ब्रांच पर पटरी के पास बबूल के पेड़ से फांसी लगाकर जान दे दी। वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने शव लटकता देखा तो हमें सूचना दी। हम मौके पर पहुंचे तो देखा की बेटे का शव पेड़ से लटक रहा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पिता रमेश ने बताया कि दीपू काफी परेशान था। शादी में जेवर चढ़ाने के दौरान दुल्हन वालों से कुछ विवाद हुआ था। हम लोगों ने समझाकर मामला शांत करा दिया था। बताया कि दीपू दो भाई, दो बहनों में सबसे छोटा था। सभी भाई और बहनों की शादी हो चुकी है। बेटे की मौत से आहत पिता रमेश, मां रामश्री व बड़ा भाई सूर्यभान समेत परिजन सदमे में हैं। परिजनों ने बेटे की मौत की खबर पत्नी आरती व ससुरालवालों को दी तो कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि सुसाइड की सूचना पर मौके पर पहुंचे थे। परिजनों और आसपास के लोगों से जानकारी ली। शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पिता ने तहरीर दी है। कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *