Home > अवध क्षेत्र > एक मार्च से चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान स्वास्थ्य विभाग की अगुवाई में 12 अन्य विभागों के सहयोग से चलेगा अभियान

एक मार्च से चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान स्वास्थ्य विभाग की अगुवाई में 12 अन्य विभागों के सहयोग से चलेगा अभियान

अभियान में स्वास्थ्य कर्मियों की संभावित क्षय रोगियों पर भी रहेंगी नजर
रायबरेली | दिमाग़ी बुखार एवं अन्य संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक मार्च से शुरू होकर 31 मार्च तक चलेगा | स्वास्थ्य विभाग 12 अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर दिमाग़ी बुखार व संचारी रोग पर प्रभावी नियंत्रण एवं क्षय उन्मूलन के लिए एक साथ मिलकर अभियान को चलाएंगे | यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ वीरेन्द्र सिंह ने दी | उन्होंने बताया – इस सम्बन्ध में बुधवार (17 फरवरी) को जिला टास्क फ़ोर्स की बैठक जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित की गयी थी, जिसमें सभी विभागों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया | इस दौरान अभियान को लेकर जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए |

डॉ. सिंह ने बताया कि अभियान को सफल बनाने की तैयारी स्वास्थ्य विभाग ने शुरू कर दी है | स्वास्थ्य विभाग को इस अभियान का नोडल बनाया गया है | साथ ही उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए 17 फरवरी को ब्लाक स्तरीय, अन्तर्विभागीय बैठक, 20 फरवरी को जनपद ब्लाक स्तरीय अन्तर्विभागीय बैठक, 22 फरवरी को जिला मुख्यालय पर ब्लाक स्तरीय प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण किया जायेगा | 24, 25 और 26 फरवरी के मध्य स्थानीय निकायों का संवेदीकरण, 25 से 28 फ़रवरी के मध्य ग्राम पंचायत सचिवो का संवेदीकरण किया जायेगा | 2 से 8 मार्च के मध्य ए.एन.एम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का संवेदीकरण किया जायेगा | उन्हें मातृ समूह की बैठक का आयोजन, समय समय पर स्कूलों का भ्रमण और शिक्षकों को बच्चों में जागरूकता बढ़ाने में मदद करना, दिमागी बुखार पर स्वयं सहायता समूहों की बैठक करना, मातृ बैठकों का आयोजन करना, ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण समिति की बैठकों का आयोजन करना एवं पेय जल को साफ़ करने के लिए क्लोरीनेशन का डेमो आयोजित करना आदि विषयों पर प्रशिक्षण दिया जायेगा |

जिले में 2634 आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर संचारी रोगों रोगों से बचाव के लिए तथा हर रविवार मच्छर पर वार के बारे में लोगों को जागरूक करेंगी |

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया- अभियान के दौरान चिकित्सा विभाग का कार्य जन समुदाय को जागरूक करने के साथ ही यह पता करना है कि अगर कोई भी व्यक्ति दिमागी बुखार से प्रभावित पाया जाता है तो उसकी तुरंत जांच कर उपचार शुरू करें |
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. दिलीप सिंह ने बताया- नगर विकास विभाग का काम नालियों की सही तरीके से साफ़ – सफाई तथा सफाई के पश्चात कचरे का निस्तारण करना है ताकि गंदगी में मच्छर न पनपने पाए | नालियां अगर खुली हुई है तो उनको ढ़कने का कार्य करें | पंचायती राज विभाग के कार्यो के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया की ग्राम स्वास्थ्य , पोषण समिति की बैठक कर ग्रामीण लोगो को स्वच्छता के बारे में जागरूक करे और उन्हें साफ़ सफाई के महत्त्व के बारे में बताये | लोगों को जागरूक करे की मच्छर के काटने से स्वयं को बचाए और अगर बुखार की कोई भी समस्या है तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर उपचार कराये |
जिला मलेरिया अधिकारी डा. रितु श्रीवास्तव ने बताया – कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी संचारी रोगों की रोकथाम के लिए प्रभावी उपाय अपनाते हुए एक से 31 मार्च के मध्य व्यापक विशेष संचारी नियंत्रण अभियान एवं 10 से 24 मार्च तक दस्तक अभियान चलाया जायेगा | इस बार दस्तक अभियान में ए.एन.एम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर जन समुदाय को संचारी रोगों से बचने के लिए जानकारी और जागरूकता सर्वेक्षण के साथ हर घर पर क्षय रोग के संभावित रोगियों की जनकारी भी एकत्र करनी है | यदि कोई संभवित रोगी मिलता है तो रोगी का नाम, पता और मोबाइल नम्बर आदि जानकारी फार्मेट में एकत्र की जायेगी | दिमागी बुखार के कारण दिव्यांग हुए लोगों और कुपोषित बच्चों की सूचना एकत्र की जायेगी | प्रतिदिन शाम को क्षेत्रीय ए.एन.एम के माध्यम से अभियान की रिपोर्ट ब्लाक स्तरीय प्राथमिक /सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भेजी जायेगी |

जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया “संचारी रोग नियंत्रण अभियान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, नगर विकास, पंचायती राज, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण , कृषि एवं सिंचाई विभाग सहित विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय स्थापित कर चलाया जाएगा | अभियान में लोगों को साफ सफाई, कचरा निस्तारण ,जलभराव रोकने तथा शुद्ध पेयजल उपलब्धता सहित मच्छरों से बचने के लिए जागरूक किया जायेगा | जिले में वर्ष 2020 में तीन बार संचारी रोग नियंत्रण अभियान सफलता पूर्वक चलाया जा चुका है |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *