Home > स्थानीय समाचार > सस्पेशन के 8 महीने बाद आईएएस अभिषेक ने दिया इस्तीफा,

सस्पेशन के 8 महीने बाद आईएएस अभिषेक ने दिया इस्तीफा,

फिल्मों के बाद अब राजनीति में हो सकती है एंट्री, पत्नी भी आईएएस
लखनऊ। यूपी कैडर के 2011 बैच के आईएएस अधिकारी अभिषेक सिंह ने सस्पेशन के 8 महीने बाद इस्तीफा दे दिया। वह फरवरी 2023 से सस्पेंड चल रहे थे। अभिषेक की पत्नी दुर्गा शक्ति नागपाल बांदा की डीएम हैं। अब इस्तीफे के बाद अभिषेक सिंह की राजनीति में एंट्री की कयास भी लगाए जा रहे हैं। आईएएस अभिषेक सिंह को 2015 में तीन साल के लिए दिल्ली सरकार में प्रतिनियुक्ति दी गई थी। जिसके बाद 2018 में प्रतिनियुक्ति की समय सीमा को दो बार बढ़ाया गया। इसके बाद 30 जून 2022 को यूपी कैडर भेज दिया गया। उन्होंने यूपी में लंबे समय तक ज्वाइनिंग नहीं की और छुट्टी पर रहे। नियुक्ति विभाग की तरफ से अभिषेक सिंह से लिखित में जवाब मांगा गया। लेकिन लंबी अवधि तक कोई जवाब नहीं दिया गया। अब नियुक्ति विभाग के उच्चाधिकारी ने आईएएस अभिषेक सिंह के इस्तीफे की पुष्टि की है। यूपी कैडर के आईएएस अभिषेक सिंह को नवंबर महीने में गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग के द्वारा प्रेक्षकों की सूची में शामिल किया गया था। उन्होंने प्रेक्षक ड्यूटी का कार्यभार भी ग्रहण किया। लेकिन इस दौरान अभिषेक सिंह ने वहां कार के आगे फोटो खिंचवाने और अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। जिसके कारण निर्वाचन आयोग ने उचित आचरण न किए जाने पर 18 नवंबर 2022 को उन्हें प्रेक्षक ड्यूटी से हटा दिया। प्रेक्षक ड्यूटी से हटने के बाद अभी तक उन्होंने नियुक्ति विभाग को कोई सूचना नहीं दी। हाल ही में हुए गणेश चतुर्थी के उत्सव के दौरान आईएएस अभिषेक सिंह ने जौनपुर में गणेशोत्सव का भव्य आयोजन कराया था। जिसमें मुंबई से आए कुछ फिल्म कलाकार भी शामिल हुए थे। जिस कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने फीता काट कर किया था। जिसके बाद से ही कयास लगाए जा रहे है कि अभिषेक जल्द ही अब राजनीति में उतरेंगे और अगले लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए ही वो अभी से तैयारियों में जुटे है। अभिषेक सिंह की पत्नी दुर्गा शक्ति नागपाल भी 2010 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। वह बांदा की डीएम हैं। छत्तीसगढ़ के रायपुर की रहने वाली दुर्गा शक्ति नागपाल अखिलेश सरकार के वक्त सुर्खियों में आई थीं। नोएडा में उन्होंने खनन माफिया के खिलाफ साल 2013 में कड़ी कार्रवाई की थी।कुछ विवाद के बाद उनको अखिलेश सरकार ने सस्पेंड कर दिया था। तब आईएएस एसोसिएशन ने भी इस मुद्दे पर सरकार से विरोध दर्ज कराया था। अभिषेक के पिता का नाम कृपाशंकर सिंह हैं। वह आईपीएस अधिकारी रह चुके हैं। चाचा यूपी पुलिस में डिप्टी एसपी पद से रिटायर हैं। उनकी छोटी बहन डेंटिस्ट हैं। भाई एमएनसी में जॉब करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *