सिक्ख समाज ने किया विरोध प्रदर्शन
लखनऊ। दिल्ली में 17 सितम्बर को सिगरेट पीने से मना करने पर मारे गए गुरप्रीत सिंह की मौत को लेकर राजधानी में मंगलवार को हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर विरोध प्रदर्शन करने के साथ कैंडल मार्च निकाला गया।
आक्रोशित सिक्ख समाज को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय सिंह सभा के निर्मल सिंह ने कहा कि दिल्ली में धुम्रपान करने से मना करने पर गुरूप्रीत सिंह मारा गया और साथी मनिंदर सिंह बुरी तरह घायल हो गया। ये दोनों मास कम्युनिकेशन के छात्र फुटपाथ पर जीवन यापन करने वाले लोगों पर डाक्यूमेंटरी फिल्म बना रहे थे। गुरूप्रीत सिंह की कुछ दिनों बाद शादी होने वाली थी लेकिन उसकी शादी के लिए बनवाए गए सामान उसकी अर्थी के काम आए। क्या उसका कसूर सिगरेट पीने से मना करना था ? सरदार रतपाल सिंह गोल्डी ने घटना पर खेद जताते हुए कहा कि वाहेगुरु गुरुप्रीत की आत्मा को शान्ती प्रदान करे और दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा मिले जिससे कि समाज को नशामुक्ति का संदेश दिया जा सके। सिक्ख समाज ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि शहीद हुए गुरुप्रीत सिंह के नाम से राजधानी में नशामुक्ति बिग्रेड बनाई जाएगी जो शहर से नशे का नाश करेगी। अध्यक्ष सरदार जोगिंदर सिंह ने घटना की सीबीआई जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलवाई जाए। मृतक आत्मा की शांति के लिए शब्द पाठ करने के बाद कैंडल मार्च निकाला गया।
सिगरेट पीने से मना किया तो मिली मौत
![](https://avadhkiaawaz.com/wp-content/uploads/2017/09/IMG_20170926_173616-1200x630.jpg)