लखनऊ,। समाजवादी पार्टी का राजनीतिक ग्राफ लोकसभा चुनाव में आये परिणामों के बाद बढ़ा है। इसको लेकर पार्टी में उत्साह है। जहां एक तरफ भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में अपने हार के कारणों की समीक्षा कर रही है। वहीँ समाजवादी पार्टी नेता उदयवीर सिंह ने भाजपा के सहयोगी दलों के मतदाताओं को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने सहयोगियों को ठगने का काम करती है, इसलिए जो भी सहयोगी दल भाजपा के साथ रहा है उसके मूल मतदाता उसे छोड़कर चले गए। उदयवीर सिंह ने कहा कि हमारे सभी सांसद समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव से चर्चा करेंगे और राष्ट्रीय अध्यक्ष से निर्देश लेंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में हमेशा जनहित में फैसला लेती रही है और आगे भी लेगी। बताते चलें कि अखिलेश यादव ने अपने सभी सांसदों को बैठक में आमंत्रित किया है जहां आने वाले दिनों में राजनीति की दिशा तय की जाएगी। शुक्रवार को सपा नेता शिवपाल यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के बड़े नेताओं में बड़ा घमंड था, ये जनता को भ्रमित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमने अखिलेश यादव के नेतृत्व में एक बड़ी लकीर खींची है। उन्होंने कहा कि भगवान राम मर्यादा पुरुषोत्तम थे और रहेंगे। शिवपाल यादव ने कहा कि घमंड में आकर ही भाजपा ने 400 पार का नारा दिया था। उन्होंने कहा कि लगातार तानाशाही जारी थी। विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा था। अगर कोई कुछ बोलता तो उसके ऊपर झूठा केस दर्ज कर छापे डलवाये जाते थे। सपा नेता ने कहा कि जनता ने भाजपा को नकार दिया है और इस बार के परिणाम जाहिर कर रहे हैं कि जनता भाजपा से छुटकारा चाहती है।
सपा नेता उदयवीर सिंह का दावा,भाजपा के सहयोगी दलों के मतदाताओं ने किया किनारा,ठगती है बीजेपी
![](https://avadhkiaawaz.com/wp-content/uploads/2024/06/download-4.jpg)