लखनऊ। लखनऊ नगर निगम द्वारा आगामी वित्तीय वर्ष से ज्वेलरी, कपड़े, जूते, ब्यूटी पार्लर जैसे व्यापारों के लिए लाइसेंस शुल्क लागू किए जाने के प्रस्ताव से राजधानी लखनऊ के व्यापारियों में भारी नाराजगी फैल गई है। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने इसे जीएसटी की मूल अवधारणा के खिलाफ और व्यापारियों के हितों पर सीधा हमला बताते हुए तीव्र विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि यह प्रस्तावित शुल्क व्यापारियों के लिए काला कानून है। संजय गुप्ता ने कहा, जीएसटी लागू होने के बाद किसी भी प्रकार के लाइसेंस शुल्क का लागू किया जाना पूरी तरह अनुचित है। यह व्यापारियों के लिए एक नए प्रकार का काला कानून है, जो जीएसटी की मूल अवधारणा के खिलाफ है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आदर्श व्यापार मंडल महापौर से मिलकर इस प्रस्तावित लाइसेंस शुल्क को तत्काल वापस लेने की मांग करेगा। व्यापारियों ने इस निर्णय को ‘अन्याय’ और ‘असंगत’ बताते हुए एकजुट होकर विरोध करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि यह वापस न हुआ तो इसके खिलाफ सख्त कदम उठाया जायेगा।