Home > स्थानीय समाचार > पोस्टल बैलेट से वोटिंग में कर्मचारियों की झलकी नाखुशी

पोस्टल बैलेट से वोटिंग में कर्मचारियों की झलकी नाखुशी

एनडीए से ज्यादा इंडिया को मिले वोट
लखनऊ। लोकसभा चुनाव में पोस्टल-बैलेट से वोटिंग में भाजपा गठबंधन यानि एनडीए 47 सीटों पर पिछड़ गया। विपक्षी गठबंधन इंडिया आगे रहा। पोस्टल-बैलेट से अधिक मत पाने के बाद भी कई प्रत्याशी हार गए, लेकिन इससे कर्मचारी वर्ग के झुकाव का अंदाज हो गया। पोस्टल-बैलेट में एनडीए गठबंधन 33 सीटों पर ही आगे रहा। पोस्टल-बैलेट से 2,36,508 वोट पड़े। इसमें सर्विस वोटर के साथ दिव्यांग व 85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग भी शामिल हैं।पोस्टल बैलेट से सर्वाधिक 7,135 वोट अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र में पड़े। विजयी हुए भाजपा के देवेन्द्र प्रताप सिंह भोले को 3,167 और सपा के राजाराम पाल को इनसे अधिक 3,312 वोट मिले। बाकी अन्य दलों व निर्दलीय प्रत्याशियों को वोट मिले। देवेन्द्र प्रताप सिंह भोले चुनाव जीत गए, लेकिन कर्मचारियों को रिझाने में चूक गए। आजमगढ़ में इसके माध्यम से 5,572 वोट पड़े। विजेता रहे सपा के धर्मेन्द्र यादव को 3,402 और भाजपा के दिनेश लाल निरहुआ को 1,479 वोट मिले। बहराइच में सबसे कम 387 वोट ही पोस्टल बैलेट के माध्यम से पड़े। यहां विजेता भाजपा के आनंद कुमार को 227 व सपा के रमेश चंद्र को 121 वोट मिले। श्रावस्ती लोकसभा क्षेत्र में पोस्टल बैलेट से 526 वोट ही पड़े। यहां सपा के राम शिरोमणि वर्मा चुनाव जीते और पोस्टल बैलेट में भी सर्वाधिक 301 वोट पाए। पोस्टल बैलेट के 2,36,508 वोट में से 1,08252 इंडिया और 1,03730 एनडीए गठबंधन को मिले हैं। बाकी वोट अन्य पार्टियों व निर्दलीय प्रत्याशियों के खाते में गए हैं। विपक्षी इंडिया गठबंधन को 4,522 ज्यादा वोट मिले हैं। कर्मचारी, शिक्षकों के लिए सबसे बड़ा मुद्दा ओल्ड पेंशन बहाली है। हर ओर से इसकी मांग उठ रही है। इंडिया गठबंधन कर्मचारियों के हित की बात करता रहा है। लेकिन सरकार ने सीरियसली लिया ही नहीं जिससे कर्मचारियों में नाखुशी है, जो मत दान के जरिये सामने आई है। बैलेट से वाराणसी में 3,062 वोट पड़े हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को 1,531 व कांग्रेस के अजय राय को 1,373 वोट मिले। रायबरेली में 2,575 वोट पड़े। कांग्रेस के राहुल गांधी को 1,605 व भाजपा के दिनेश प्रताप सिंह को 916 वोट मिले। कन्नौज में 3,548 वोट पड़े। इसमें सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को 2,085 और भाजपा के सुब्रत पाठक को 1,239 वोट मिले हैं। बस्ती में विपक्षी गठबंधन इंडिया को सबसे ज्यादा पोस्टल बैलेट वोट मिले हैं। यहां पोस्टल बैलेट से 5,448 वोट पड़े और उसमें सपा के राम प्रसाद चौधरी को 3,518 वोट और भाजपा के हरीश द्विवेदी को 1,407 वोट मिले। एनडीए गठबंधन के प्रत्याशी को बुलंदशहर में सर्वाधिक वोट मिले। पोस्टल-बैलेट से 5,074 वोट पड़े। भाजपा के भोला सिंह को 3,270 और कांग्रेस के शिवराम को 1,133 वोट मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *