Home > अवध क्षेत्र > जिलाधिकारी ने जिला महिला चिकित्सालय का किया आकस्मिक निरीक्षण।

जिलाधिकारी ने जिला महिला चिकित्सालय का किया आकस्मिक निरीक्षण।

चिकित्सालय में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ समुचित उपचार की उपलब्धता सुनिश्चित करने के दिये निर्देश।
शीतल पेयजल, बैठने के पर्याप्त प्रबंध के साथ-साथ अन्य आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु भी किया निर्देशित।
सीतापुर। (सू0वि0) जिलाधिकारी अनुज सिंह ने सोमवार को जिला महिला चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को देखा। उन्होनें ओ0पी0डी0 के अतिरिक्त विभिन्न वार्डो, सैम्पल कलेक्शन सेन्टर, वन स्टाप सेन्टर, महिला भर्ती वार्ड, सिजेरियन वार्ड, सम्पूर्णा क्लीनिक आदि का निरीक्षण भी किया। उन्होनें डाक्टरों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति की समीक्षा के साथ साथ मरीजों के पंजीकरण की स्थिति की समीक्षा भी की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सालय में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ समुचित उपचार उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने कडे़ निर्देश देते हुये कहा कि चिकित्सालय में दवाओं और सेवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाये। अल्ट्रासाउण्ड एवं सैम्पल कलेक्शन के बेहतर प्रबंध हेतु निर्देशित करते हुये जिलाधिकारी ने कहा कि सैम्पल कलेक्शन की सुविधा प्रत्येक दशा में सायं 05 बजे तक अवश्य उपलब्ध करायी जाये एवं प्रतिदिन सैम्पल कलेक्शन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाये।
जिलाधिकारी सिंह ने निर्देश दिये कि प्रतीक्षालय में बैठने के पर्याप्त प्रबंध के साथ टी0वी0, कूलर, पंखे तथा शीतल पेयजल की समुचित व्यवस्था करायी जाये। पूरे चिकित्सालय में वैक्यूम क्लीनर एवं अन्य उपकरणों के प्रयोग से बेहतर सफाई सुनिश्चित कराये जाने के निर्देश भी दिये। उन्होनें कर्मचारियों की उपस्थिति का नियमित रूप से पर्यवेक्षण कराये हेतु भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। पेड़ पर लग रहे कीड़ों से बचाव हेतु कीटनाशक का छिड़काव कृषि रक्षा अधिकारी से समन्वय स्थापित कर कराये जाने के निर्देश भी दिये।
सम्पूर्णा क्लीनिक के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के निर्देश दिये कि लटके हुये विद्युत तारों को तत्काल ठीक कराया जाये। स्विचों का प्रबंध ठीक कराये जाने के साथ अतिरिक्त स्विच हटाये जाने के निर्देश दिये। सैम्पल कलेक्शन कक्ष के गंदे टायल्स को साफ कराये जाने हेतु भी निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने भर्ती मरीजों से वार्ता कर उन्हे मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की। उन्होनें स्टाक पंजिका के विवरण को भी देखा। मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका को निर्देश दिये कि शीतल पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने हेतु वाटर कूलर लगवाये।
वन स्टाप सेन्टर के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वहां उपस्थित महिलाओं/बालिकाओं से वार्ता करके उनकी समस्याओं के विषय में भी जानकारी ली तथा निर्देश दिये कि जो बालिकाये/महिलायें अपने घर जाना चाहती है उन्हें निर्धारित प्रक्रिया का पालन कराते हुये भिजवाया जाय। अन्य को निर्धारित समयावधि में स्थायी महिला संरक्षण गृह में भिजवाने का प्रबंध किया जाये। वन स्टाप सेंटर में तैनात महिला कानेस्टेबल मोनू देवी के उचित ड्रेस में न होने पर कार्यवाही हेतु निर्देश दिये। उन्होनें काउन्सलर नीतू यादव से महिलाओं/बालिकाओं को उपलब्ध करायी जा रही काउन्सलिंग की सुविधा के विषय में जानकारी भी ली।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डा0 सुषमा कर्णवाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *