Home > स्थानीय समाचार > राजधानी में नीट-जेईई परीक्षाओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे सपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज

राजधानी में नीट-जेईई परीक्षाओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे सपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज

लखनऊ,  (वेबवार्ता)। प्रदेश में कोरोना के तेजी से बढ़ रहे संक्रमण के बीच नीट-जेईई परीक्षा के आयोजन को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर बना हुआ है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी की युवा इकाई ने सोमवार को राजधानी में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उनकी पुलिस से झड़प हुई, जिस पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। समाजवादी पार्टी के छात्रसभा के कार्यकर्ता राजभवन के पास विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे। उन्होंने मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए परीक्षाओं को स्थगित करने की मांग की। कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और यातायात जाम कर दिया। इस पर पुलिस ने उन्हें प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी और वहां से जाने को कहा। लेकिन, कार्यकर्ता नहीं माने और सड़क पर लेट गए। इस पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कर दिया। सपा पिछले हफ्ते भी इस मामले में प्रदर्शन कर चुकी है। तब भी पुलिस को उसके कार्यकर्ताओं पर लाठियां फटकारनी पड़ी थी। पार्टी ने कहा था कि नीट परीक्षा के बदले में छात्रों की जान दांव पर लगाने वाली भाजपा सरकार के विरोध में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने लखनऊ के राजभवन पहुंचे समाजवादियों पर पुलिस का बर्बर अत्याचार आवाज दबाने की कोशिश है। डरेंगे नहीं, आवाज उठाते रहेंगे समाजवादी। जान के बदले एग्जाम नहीं चलेगा। वहीं डीसीपी सेंट्रल सोमन बर्मा ने आज के प्रदर्शन को लेकर बताया कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं से कहा गया कि धारा 144 लागू है इसका उल्लंघन न करें। लेकिन, वह नहीं माने। इसके बाद पुलिस ने 50 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया, वर्तमान में स्थिति सामान्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *