अखिलेश ने दिया सिग्नल,सोलंकी तैयार
लखनऊ। सीसामऊ विधानसभा उप चुनाव में सपा ने निवर्तमान विधायक इरफान सोलंकी की पत्नी नसीम सोलंकी के नाम पर मोहर लगा दी है। सपा हाईकमान ने नसीम सोलंकी को टिकट देने के निर्णय के साथ चुनाव की तैयारी करने के लिए महानगर इकाई के मार्फत सूचना भिजवा दी। कल सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महानगर इकाई के पदाधिकारियों, सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र के दोनों अध्यक्षों को लखनऊ बुलवाया था। हाई कमान ने अपना निर्णय बता दिया। सपा मुखिया अखिलेश यादव से महानगर इकाई के अध्यक्ष हाजी फजल महमूद, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेंद्र यादव मिंटू, महासचिव संजय सिंह बंटी सेंगर तथा सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष वरुण जायसवाल और आसिफ कादरी ने मुलाकात की। अखिलेश यादव ने निर्देश दिए हैं कि सीसामऊ उप चुनाव में निवर्तमान विधायक इरफान सोलंकी की पत्नी नसीम सोलंकी चुनाव लड़ेंगी। चुनाव की तैयारी शुरू करने के लिए संदेश भी भिजवाया। नसीम सोलंकी के घर जाकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का संदेश बता दिया गया। नसीम सोलंकी का कहना है कि पहली कोशिश है कि इरफान सोलंकी की विधायकी न जाए और हाईकोर्ट से राहत मिल जाए। अगर उप चुनाव होगा तो पूरी ताकत के साथ लड़ा जाएगा। क्षेत्र की जनता हमारे साथ है।