अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने मनाया 31वां स्थापना दिवस
लखनऊ। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने अपने 31वें स्थापना दिवस को भव्य तरीके से मनाया। इस अवसर पर कई वरिष्ठ व्यापारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए व्यापारी भूषण सम्मानष् से सम्मानित किया गया। समारोह में संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने बतौर मुख्य अतिथि दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि व्यापारी समाज देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और देश की समृद्धि व्यापारी समाज की सफलता पर निर्भर करती है। खन्ना ने अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के इस आयोजन की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल एकता का संचार होता है बल्कि यह पूर्व और वर्तमान के अनुभवों को जोड़कर भविष्य की योजनाएं बनाने में भी मदद करता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि व्यापारी समाज की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाया जाएगा और उनका उचित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष संदीप बंसल ने अपने उद्घाटन भाषण में व्यापारियों की एकता को भविष्य की मजबूती का आधार बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की मजबूती उस समाज की प्रगति को सुनिश्चित करती है और व्यापारियों का इस तरह के सम्मान को प्राप्त करना उनका संकल्प है। इस कार्यक्रम में रिपन कंसल, सुरेश छाबलानी, अनुज कुमार गौतम और कई अन्य प्रमुख व्यापारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित थे, जिन्होंने इस महत्वपूर्ण समारोह को सफल और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।