Home > स्थानीय समाचार > सावन के तीसरे सोमवार सीएम योगी ने मानसरोवर मंदिर में किया रुद्राभिषेक

सावन के तीसरे सोमवार सीएम योगी ने मानसरोवर मंदिर में किया रुद्राभिषेक

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सावन महीने के तीसरे सोमवार को आज अंधियारी बाग स्थित प्राचीन मानसरोवर मंदिर में भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया। उन्होंने भगवान का दर्शन पूजन कर आशीर्वाद लिया और सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। सीएम योगी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट कर इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा, भगवान भोलेनाथ को अति प्रिय श्रावण मास के तृतीय सोमवार के पावन अवसर पर आज गोरखपुर स्थित मानसरोवर मंदिर में विधि-विधान से रुद्राभिषेक कर सभी भक्तों, श्रद्धालुओं एवं चराचर जगत के कल्याण की प्रार्थना की। हर हर महादेव! सीएम योगी ने रुद्राभिषेक के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन व आरती कर अनुष्ठान को पूर्ण किया। उन्होंने देवाधिदेव महादेव से प्रदेशवासियों के आरोग्यमय, सुखमय, समृद्धमय व शांतिमय जीवन की मंगलकामना की है। वहीं, सीएम योगी ने सुबह गोरखनाथ मंदिर में भी दर्शन पूजन कर आशीर्वाद लिया। बता दें कि सावन के सोमवार का हिंदुओं में बड़ा धार्मिक महत्व है। सावन माह अपने आप में बहुत महत्व रखता है। यह दिन भगवान शिव और देवी पार्वती की पूजा के लिए पूर्ण रूप से समर्पित है। इस शुभ दिन पर साधक उपवास रखते हैं और बड़ी भक्ति और समर्पण के साथ भगवान शिव की आराधना करते हैं। आज सावन महीने का तीसरा सोमवार है और मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का जनसैलाब उमड़ा है। शिवालयों और मंदिरों में हर-हर महादेव के जयकारे गूंज रहे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *