Home > अवध क्षेत्र > अयोध्या > महानगर में चिह्नित किए गए 58 बेसमेंट, सभी को नोटिस जारी,होगी सीलिंग की कार्रवाई

महानगर में चिह्नित किए गए 58 बेसमेंट, सभी को नोटिस जारी,होगी सीलिंग की कार्रवाई

अयोध्या। दिल्ली की घटना के बाद शासन के आदेश पर चल रहे अभियान के तहत अयोध्या विकास प्राधिकरण की ओर से लगातार नोटिस देने का सिलसिला जारी है। महानगर में अवैध रूप से बने बेसमेंट के खिलाफ तीसरे दिन भी कार्रवाई जारी रही। अब तक पूरे क्षेत्र 58 बेसमेंट चिह्नित किए जा चुके हैं। सभी को नोटिस जारी कर दिया गया है। इन सभी में अवैध रूप से व्यवसायिक गतिविधियां जारी की जा रही थी। सभी बेसमेंट को चिह्नित कर सील करने की कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश सरकार के निर्देश पर अयोध्या विकास प्राधिकरण द्वारा महानगर में बने बेसमेंट की जांच के लिए सर्वे किया जा रहा है। शुक्रवार तक 28 बेसमेंट चिह्नित किए गए थे। जबकि, शनिवार को 30 अन्य बेसमेंट मिले हैं। अब तक 58 बेसमेंट को नोटिस जारी हो चुका है। जबकि, पांच को सील कर दिया गया है। सभी को नोटिस भेजकर अपना जवाब दाखिल करने को कहा गया है। मानचित्र स्वीकृत न होने और अवैध गतिविधियां मिलने पर बेसमेंट को सील किया जाएगा। इसके साथ ही नए निर्माण में बने बेसमेंट को जांच के बाद सील करने की कार्रवाई की जाएगी। सर्वाधिक बेसमेंट नाका हनुमानगढ़ी और सिविल लाइन व देवकाली क्षेत्र में मिले हैं। अयोध्या विकास प्राधिकरण द्वारा गठित आठ टीमों द्वारा रविवार को नियावां क्षेत्र में भी चेकिंग अभियान जारी रखा गया। यहां निर्माणाधीन मिले दो बेसमेंट का निर्माण तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया गया है। सचिव सत्येन्द्र सिंह ने बताया कि अभी मंगलवार तक अभियान जारी रहेगा। उसके बाद सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जो भी नोटिस का जवाब नहीं देगा उसे अवैध करार देकर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *