Home > अवध क्षेत्र > लगातार हो रही बारिश से बढ़ा नदियों का जलस्तर,कई गांवों में घुसा पानी

लगातार हो रही बारिश से बढ़ा नदियों का जलस्तर,कई गांवों में घुसा पानी

बहराइच। बहराइच में पहाड़ों व मैदानी इलाकों में लगातार हो रही बारिश से जिले में सरयू व घाघरा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नानपारा व मिहिपुरवा तहसील के तटीय इलाकों में बसे कई ग्रामों में बाढ़ का पानी तेजी से फैल रहा है। जिला प्रशासन की ओर से तटीय इलाकों में बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने का कार्य किया जा रहा है। बाढ़ के साथ ही कटान से कई ग्रामीणों के घर नदी के मुहाने पर आ गए हैं। लोग अपने हाथों से अपना मकान तोड़ने को मजबूर हैं।
जिले से होकर बहने वाली सरयू व घाघरा नदी लगातार हो रही बारिश से उफान पर है। नानपारा तहसील के शिवपुर ब्लॉक के पास स्थित पसियन पुरवा समेत कई ग्रामों में तेजी से बाढ़ का पानी फैल रहा है। सरयू नदी के कटान से कई मकान नदी में समाहित होने की कगार पर हैं। लोग अपने हाथों से अपने मकानों को तोड़कर गृहस्थी के साथ ही ईंट को लेकर अन्य स्थानों पर जाने को मजबूर है। नेपाल के पहाड़ों पर हो रही बारिश गेरुआ व कौड़ियाला नदी उफान पर है। इसके चलते जिले में स्थित बैराजों से लगातार पानी डिस्चार्ज हो रहा है। जिसके चलते घाघरा व सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। सोमवार को गिरिजापुरी, शारदा व गोपियां बैराज से 433199 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया है।
जिला प्रशासन की ओर से तटीय इलाकों में बसे ग्राम के लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है। मिहिपुर्वा तहसील में उप जिलाधिकारी संजय कुमार व तहसीलदार अंबिका चौधरी ने तटीय इलाकों का दौरा कर बाढ़ के हालात का जायजा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *