रंजीव ठाकुर
लखनऊ । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री सलिल विश्नोई ने शुक्रवार को बताया कि दिनांक 01-02 मई को भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति साइन्टिफिक कन्वेन्शन सेंटर, लखनऊ में होगी। 01 मई को प्रातः प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी। सायंकाल 4 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा कार्यसमिति का उद्घाटन किया जाएगा तत्पश्चात मुख्यमंत्री प्रदेश कार्यसमिति को संबोधित करेंगे। 02 मई को सायंकाल द्वितीय सत्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित भाई शाह का समापन भाषण होगा।
बैठक में प्रदेश कार्यसमिति के सदस्यों के साथ केन्द्र व प्रदेश के मंत्री मण्डल के सभी सदस्य और स्थायी आमंत्रित सदस्य शामिल होंगे। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी ओमप्रकाश माथुर, राष्ट्रीय सह (संगठन) मंत्री शिव प्रकाश सभी राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं राष्ट्रीय मोर्चे के संयोजक, विशेष आमंत्रित सदस्य होंगे। लगभग 450 सदस्य इस महत्वपूर्ण बैठक में भाग लेंगे। बैठक में राजनैतिक प्रस्ताव पास किया जायेगा और जनता एवं कार्यकर्ताओं को भाजपा की विशाल जीत पर धन्यवाद दिया जायेगा। चुनाव के बाद यह पहली कार्यसमिति की बैठक होने जा रही है।