Home > अपराध समाचार > 20 हजार की सुपारी लेकर की गयी पूर्व ग्राम प्रधान पति की हत्या, हथियारों संग 3 आरोपी गिरफ्तार

20 हजार की सुपारी लेकर की गयी पूर्व ग्राम प्रधान पति की हत्या, हथियारों संग 3 आरोपी गिरफ्तार

महराजगंज: पुलिस ने पनियरा के ग्राम गोनहा में पूर्व ग्राम प्रधान पति तेजप्रताप यादव की हत्या का मामला सुलझा लिया है। इस चर्चित हत्याकांड में शामिल तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार, बाइक के साथ अवैध कट्टा और कारतूस भी बरामद किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम सिंह पुत्र सुनील सिंह (देवरिया), रजनीश यादव पुत्र रघुनाथ यादव (गोरखपुर) और आकाश उर्फ बंटी वर्मा पुत्र संजय (देवरिया) के रूप में की गयी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर मिली जानकारी के तहत तीनों आरोपियों को दबोचा। तीनों अब तक कई तरह के आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। गौरतलब है कि पनियरा के ग्राम गोनहा में पूर्व ग्राम प्रधान पति तेजप्रताप यादव पुत्र भगवती यादव (40) को 24 जुलाई को गोली मार दी थी। ग्राम प्रधान पति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गयी थी। जांच में जुटी पुलिस को इस घटना में गिरफ्तार आरोपियों की तलाश थी। मुखबिर ने पुलिस को आरोपियों के महराजगंज आने की जानकारी दी थी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान ज्ञात हुआ कि रंजिश के तहत इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया था। रंजिश के कारण अवैध लकड़ी का धंधा करने वाले सोनू सिंह के कहने पर रजनीश यादव व उसके दो गिरफ्तार साथियों ने मिलकर तेज प्रताप यादव को गोली मारी थी। इसके एवज़ में सोनू सिंह ने हत्यारोपियों को 20 हजार रुपये दिये थे। गिरफ्तारी के वक्त आरोपी शेष रुपये लेने के आये थे तभी उनको पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस इस घटना में शामिल सोनू सिंह की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। इसके अलावा इस हत्याकांड में एक और अभियुक्त जितेन्द्र साहनी भी शामिल है जो गोरखपुर जिला कारागार में बंद है।

विजय चन्द बरनवाल
Infront of Nagar Palika Nautanwa Ward No 25 Gandhi Nagar Nautanwa

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *