बाराबंकी | बाराबंकी के सतरिख थाना के जैनाबाद की युवती पूजा रावत की हत्या कर पुआल में छिपाने की वारदात के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह युवक पूजा का दोस्त ही था। सीओ सदर राजेश यादव ने बताया कि पूजा रावत की हत्या उसके ही साथी नीरज वर्मा ने की थी। उन्होंने बताया कि बुधवार को गांव के बाहर एक पुआल के ढेर में छिपाया गया शव मिला था। इसकी पहचान गांव की निवासी पूजा के रूप में की थी। पूजा अपने घर से ही लापता हुई थी। छानबीन के दौरान पता चला कि उसी रात से पूजा का मोबाइल स्विच ऑफ है। जानकारी मिली कि नीरज को रविवार देर रात संदिग्ध हालत में घूमते हुए देखा गया था। फिर वह अचानक गांव से लापता हो गया था। उसका मोबाइल भी बंद हो गया था। पुलिस ने नीरज को पकड़ लिया। नीरज ने बताया कि वह एक फाइनेंस कंपनी में लोगों की चेन बनाने का कार्य करता है। उसके संबंध छह साल पहले पूजा से हो गए थे। इस पर उसने उसको भी अपने साथ जोड़ लिया था। कई बार कई दिनों तक बाहर रहे और संबंध मजबूत होते गए। पूजा को वह बतौर पत्नी रखता था। इसी वजह से पूजा ने अपने मोबाइल के ट्रू कॉलर में अपना नाम पूजा वर्मा भी लिख लिया था। छह माह पहले नीरज को पता चला कि पूजा का विवाह सिद्धौर के संदीप से होने वाला है। इस पर उसने पूजा के मोबाइल में कॉल रेकॉर्डिंग लगा दी थी। रविवार को वह गांव लौटा और देर रात पूजा को गांव के बाहर बुलाया। वहां पर ही उससे शारीरिक संबंध बनाए, फिर रेकॉर्डिंग की बातें उसने सुनी तो गुस्सा बढ़ गया। इसके बाद उसने पूजा का उसके ही दुपट्टे से गलाकर कसकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी नीरज को जेल भेज दिया है।